बारिश के पानी में बहने लगी कार, पुलिसकर्मियों ने परिवार को किया रेस्क्यू
बारिश बनी आफत, पानी में फंसी कार को पुलिस ने साहस दिखाकर निकाला बाहर
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: इमामगेट चौकी प्रभारी जितेंद्र त्यागी व अन्य पुलिसकर्मियों ने बारिश के पानी में फंसी कार को सूझबूझ व साहस का परिचय देते हुए बामुश्किल बाहर निकाला। कार में युवक व उसके परिवार की महिलाएं सवार थी। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे क्षेत्र में अचानक हुई मूसलाधार बारिश से तापमान में भारी गिरावट आई, जिसके चलते लोगो ने कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से राहत महसूस की। भारी बारिश के कारण कस्बे की सड़कों पर पानी का सैलाब बह निकला, जिससे आवागमन में राहगीरों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। क्षेत्र के छोटा नंगला निवासी इनाम अली गाजियाबाद के वैशाली में रहता है। वह कार से कैराना स्थित रिश्तेदारी से होकर परिवार की दो महिलाओं के साथ में वापिस लौट रहा था। इसी बीच उसकी कार कस्बे की इमामगेट चौकी के सामने बारिश के पानी में फंस गई।
पानी का बहाव तेज होने के कारण कार विपरीत दिशा में घूम गई और बहने लगी। कार के शीशे लॉक्ड होने से उसमें सवार लोगो के हाथ-पांव फूल गए। इमामगेट चौकी प्रभारी एसआई जितेंद्र त्यागी चौकी पर मौजूद थे। उन्होंने कार को बहता देखकर मामले की गम्भीरता को भांपने में देरी नही की। जितेंद्र त्यागी ने चौकी पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों को आवाज लगाई। बारिश की परवाह किये बगैर चौकी प्रभारी व अन्य पुलिसकर्मियों ने साहस व बुद्धिमत्ता का परिचय देते हुए सीढ़ी आदि लगाकर बह रही कार को रोका तथा उसमें सवार लोगो को बामुश्किल बाहर निकाला। इसके बाद, कार सवार लोगो ने राहत की सांस ली। पुलिसकर्मियों की तत्परता व सहयोग की पीड़ित परिवार ने मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया है।
