नौकरानी ने पति और बेटे संग मिलकर की मालकिन की हत्या, तीन गिरफ्तार
गहने गायब होने को लेकर पूछताछ करने पहुंची थी महिला
पंचकूला (सच कहूँ न्यूज)। Panchkula News: पंचकूला के सेक्टर-21 में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक नौकरानी ने अपने पति और बेटे के साथ मिलकर अपनी 70 वर्षीय बुजुर्ग मालकिन की हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि हत्या के बाद आरोपितों ने शव को पड़ोसी के मकान की छत पर टाइलों के नीचे छिपा दिया था। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 70 वर्षीय नीरा के रूप में हुई है। वह अपने पति चंद्रमोहन के साथ पंचकूला के सेक्टर-21 स्थित मकान में रहती थीं। उनके बच्चे विदेश में रहते हैं। आरोपित सुनीता पिछले करीब 10 वर्षों से नीरा के घर पर नौकरानी के रूप में काम कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक नीरा के घर से कुछ गहने गायब हो गए थे। इसी मामले को लेकर वह सोमवार को सुनीता से पूछताछ करने उसके घर पहुंची थीं। उस समय उनके पति चंद्रमोहन गोल्फ खेलने गए हुए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब नीरा वापस घर नहीं लौटीं तो उनके पति ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और देर शाम सुनीता तथा उसके परिवार से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपितों ने नीरा की हत्या करने के बाद शव को पड़ोसी के मकान की छत पर टाइलों के नीचे छिपा दिया था। इसके बाद तीनों आरोपित खुद पास के दूसरे मकान की छत पर जाकर छिप गए थे। पुलिस ने नौकरानी सुनीता, उसके पति और बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
