पीएसआईडीसी दफ्तर में ईडी की दबिश, दस्तावेज कब्जे में लेकर टीम लौटी
ED ने चंडीगढ़ स्थित PSIDC कार्यालय में मारा छापा
चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। Chandigarh: पंजाब के सेक्टर-17 स्थित पंजाब स्मॉल इंडस्ट्रीज एंड एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन (पीएसआईडीसी) के कार्यालय में मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की चंडीगढ़ और दिल्ली की संयुक्त टीम ने दबिश दी। सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में की गई। ईडी की टीम कार्यालय से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने साथ ले गई, हालांकि एजेंसी की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।
ईडी की टीमें मंगलवार सुबह ही कार्यालय पहुंच गई और कई दस्तावेजों की जांच के बाद आवश्यक रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिया। पूरे घटनाक्रम पर संबंधित अधिकारी फिलहाल कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। माना जा रहा है कि जांच एजेंसी जल्द ही इस कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी जारी कर सकती है। विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ईडी के इस छापे को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को जवाब देना चाहिए। गौरतलब है कि मंत्री एवं कारोबारी संजीव अरोड़ा को ईडी ने 9 मई को कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी ने विशेष पीएमएलए अदालत में दाखिल चार्जशीट में
आरोप लगाया है कि उनकी कंपनी ‘हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड’ ने कागजों में 100 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के करीब 44 हजार आईफोन दुबई निर्यात दिखाए, जबकि जांच में ऐसे किसी वास्तविक निर्यात की पुष्टि नहीं हुई। ईडी का आरोप है कि शेल कंपनियों के माध्यम से फर्जी बिल बनाकर करीब 103 करोड़ रुपए के लेनदेन को वैध दर्शाने तथा फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) और जीएसटी रिफंड का लाभ लेने की कोशिश की गई। इस मामले में संजीव अरोड़ा फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं और उनकी नियमित जमानत याचिका भी विशेष पीएमएलए अदालत खारिज कर चुकी है।
