कुश्ती के अखाड़े में चमकीं इस्हाक की बेटियां, 6 पहलवानों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन
पिहोवा के इस्हाक गांव की छात्राओं ने कुश्ती में दिखाया दम
पिहोवा (सच कहूँ न्यूज़)। Pehowa News: कहते हैं कि बेटियां अवसर मिलने पर हर क्षेत्र में इतिहास रचती हैं। पिहोवा क्षेत्र के गांव इस्हाक की बेटियों ने इस कहावत को एक बार फिर सच साबित कर दिया है। ब्लॉक और जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए गांव की छात्राओं ने जीत का परचम लहराया है। लगातार मिल रही इस सफलता से पूरे गांव में खुशी का माहौल है, वहीं ग्रामीण अपनी बेटियों की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से विद्यालयों में स्थापित खेल नर्सरियों का असर अब साफ दिखाई देने लगा है।
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इस्हाक में संचालित कुश्ती खेल नर्सरी से जुड़ी राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय इस्हाक की छात्राओं कोमल, सिमरन, राधिका, रीत, मानवी, रोहिणी, पल्लवी, महक, अंजू, रिया, अंजलि और प्रिंसा ने ब्लॉक स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इसके बाद जिला स्तरीय कबड्डी एवं कुश्ती प्रतियोगिताओं में भी गांव की बेटियों ने अपना दबदबा कायम रखा। सिमरन, राधिका, रीत, कोमल, मानवी, रोहिणी, पल्लवी और प्रिंसा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय और गांव का नाम रोशन किया। इनमें से कोमल, सिमरन, राधिका, रीत, मानवी और पल्लवी का चयन राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इस उपलब्धि के बाद गांव इस्हाक में जश्न जैसा माहौल है और ग्रामीणों को बेटियों से अब राज्य स्तर पर भी स्वर्णिम प्रदर्शन की उम्मीद है।
इस ऐतिहासिक सफलता पर गांव के सरपंच बलविंदर सिंह ने विजेता छात्राओं को सम्मानित करते हुए 5100 रुपये की नगद प्रोत्साहन राशि, प्रत्येक प्रतिभागी को कुश्ती ड्रेस किट तथा ट्रॉफी देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह सफलता प्रदेश सरकार की खेल प्रोत्साहन नीतियों, विद्यालय स्टाफ, अभिभावकों और प्रशिक्षकों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने खेल प्रशिक्षक सुमित कुमार, पीटीआई धर्मवीर पूनिया तथा डीपी अनिल खेड़ड़ के योगदान की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि इस्हाक की बेटियां राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र और हरियाणा का नाम रोशन करेंगी। इस अवसर पर समाजसेवी एवं एसएमसी सदस्य तरसेम लाल, दर्शन दास, मुख्य शिक्षक होशियार सिंह, उषा शर्मा, अमन कुमार, रकमा राम, हरदीप सिंह, रघुवीर सिंह, राहुल कुमार, अनिल कुमार, धर्मवीर पूनिया सहित विद्यालय स्टाफ, अभिभावक और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
