35 प्रतिभागियों को मिले प्रशस्ति पत्र
35 दिवसीय जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर प्रशिक्षण का समापन
Beauty Practitioner Training: हनुमानगढ़। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की ओर से आयोजित 35 दिवसीय जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर प्रशिक्षण शिविर का मंगलवार को समापन किया गया। प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी 35 प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण के मुख्य प्रशिक्षक मनप्रीत सोनी ने 35 दिनों तक प्रतिभागियों को ब्यूटी प्रैक्टिशनर से जुड़े व्यावहारिक एवं तकनीकी पहलुओं का प्रशिक्षण दिया।
इस दौरान आधुनिक ब्यूटी सेवाओं, ग्राहकों से व्यवहार, स्वच्छता के मानकों तथा स्वरोजगार के लिए आवश्यक व्यावसायिक कौशल की जानकारी दी गई, ताकि प्रशिक्षणार्थी भविष्य में अपना रोजगार स्थापित कर सकें। शिविर के समापन अवसर पर डोमेन असेसर भंवरलाल स्वामी एवं अनिता शर्मा ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।
मूल्यांकन में सफल रहे सभी 35 प्रशिक्षणार्थियों को निदेशक बिधु शंकर, अनुदेशक मुकेश भानुशाली, अनिल सिंह राठौड़, कार्यालय सहायक गणेशराम तथा रितिक अरोड़ा ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक बिधु शंकर ने करते हुए कहा कि कौशल विकास आधारित प्रशिक्षण ग्रामीण युवाओं, विशेषकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल का उपयोग कर स्वयं का व्यवसाय शुरू करने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने का आह्वान किया। निदेशक बिधु शंकर ने बताया कि आरसेटी का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए बैंकों के माध्यम से ऋण सुविधा उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जाएगा, ताकि वे अपना व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकें। इस मौके पर सूरज कुमार और विकास कुमार सहित संस्थान के अन्य सदस्य मौजूद रहे।