जलमार्ग तोड़कर सिंचाई बाधित करने का आरोप

अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

Published On

Irrigation Canal Damage: हनुमानगढ़। चक 12-15 एमएमके में विभागीय स्वीकृति के बिना जलमार्ग (खाला) को क्षतिग्रस्त कर किसानों की सिंचाई व्यवस्था बाधित करने के मामले में सदर थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई जल संसाधन विभाग की जांच रिपोर्ट और सहायक अभियंता के निर्देश पर की गई।

पुलिस के अनुसार जल संसाधन उपखंड हनुमानगढ़ के कनिष्ठ अभियंता चन्द्र सिंह (34) पुत्र समुन्द्र सिंह राजपूत निवासी वार्ड नम्बर 18, रावतसर तथा जिलेदार राजेश कुमार पुत्र पालाराम सहारण ने थाने में उपस्थित होकर सहायक अभियंता जल संसाधन उपखंड हनुमानगढ़ की ओर से भेजी गई लिखित रिपोर्ट पेश की। Hanumangarh News 

रिपोर्ट में बताया गया कि चक 12-15 एमएमके में स्थित जलमार्ग क्षतिग्रस्त किए जाने की शिकायत मिलने पर अधिशाषी अभियंता के आदेश से एक जांच समिति गठित की गई। समिति ने मौके और राजस्व रिकॉर्ड का निरीक्षण किया, जिसमें विभागीय ब्लू प्रिंट के अनुसार प्रत्येक किले में दो-दो बिस्वा जलमार्ग तथा तीन-तीन बिस्वा रास्ता स्वीकृत होना पाया गया।

रिपोर्ट के अनुसार हितेन्द्र कुमार/लालचंद सहित अन्य काश्तकारों ने शिकायत दी कि किला नम्बर 5 और 6 में वर्षांे से चल रहा पक्का धोरी खाला अज्ञात लोगों ने तोड़ दिया, जिससे उनकी सिंचाई सुविधा बाधित हो गई। विभागीय अधिकारियों ने 22 जुलाई को दोबारा मौके का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि राजस्व विभाग ने 12 जून को रास्ता खुलवाने की कार्रवाई के दौरान जलमार्ग को नहीं हटाया था और इसकी पुष्टि मौके पर तैयार फर्द से भी हुई। Hanumangarh News

इसके बावजूद बाद में अज्ञात व्यक्तियों ने बिना विभागीय अनुमति और पूर्व सूचना के किला नम्बर 5 में जलमार्ग को आंशिक तथा किला नम्बर 6 में लगभग पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर बंद कर दिया, जिससे किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो गई। मामले को गंभीर मानते हुए सहायक अभियंता भवानीशंकर ने कनिष्ठ अभियंता और जिलेदार को संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश दिए।

इसके बाद विभागीय रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। सदर थाना पुलिस ने बीएनएस तथा सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच थाना प्रभारी राजीव रॉयल कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जलमार्ग को क्षतिग्रस्त करने वाले जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News

About The Author

Latest News

Related Posts