Drug-Free India Campaign: 10 करोड़ नशामुक्त प्रतिज्ञा महाअभियान' का आगाज
जिला कलक्टर व एएसपी ने किया शुभारंभ, 20 अगस्त तक जिलेभर में होंगे जागरूकता कार्यक्रम
Drug-Free India Campaign: हनुमानगढ़। नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को ब्रह्माकुमारी पाठशाला की ओर से हनुमानगढ़ में '10 करोड़ नशामुक्त प्रतिज्ञा महाअभियान' का जिला स्तरीय शुभारंभ जंक्शन स्थित चाणक्य क्लासेज में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई ने किया।
अभियान के तहत ब्रह्माकुमारी संस्थान की ओर से 5 अगस्त से 20 अगस्त तक जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर शुरू किए गए विकसित भारत के नशामुक्त युवा अभियान का उद्देश्य समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। Hanumangarh News,
उन्होंने कहा कि नशे की समस्या केवल मादक पदार्थों तक सीमित नहीं है, बल्कि किसी भी गलत आदत की लत व्यक्ति और समाज के लिए नुकसानदायक हो सकती है। इसलिए जरूरी है कि लोग स्वयं जागरूक बनें, दूसरों को जागरूक करें और समय रहते नशे की ओर बढ़ रहे लोगों की पहचान कर उन्हें सही मार्गदर्शन दें। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इस वर्ष अब तक एनडीपीएस एक्ट के सैकड़ों प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं।
नशा तस्करों की संपत्तियां फ्रीज करने और अवैध अतिक्रमण हटाने जैसी कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि केवल पुलिस कार्रवाई से नशे की समस्या समाप्त नहीं होगी, बल्कि इसके लिए समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। अभिभावकों को अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन या कंट्रोल रूम को देनी चाहिए। Hanumangarh News,
ब्रह्माकुमारी पाठशाला, हाउसिंग बोर्ड की खुशबू जैन ने बताया कि 5 से 20 अगस्त तक जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी चिकित्सालयों और विभिन्न सामाजिक संगठनों में नशामुक्ति विषय पर जागरूकता कार्यक्रम, प्रतिज्ञा अभियान और राजयोग मेडिटेशन सत्र आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्थान का उद्देश्य राजयोग और मेडिटेशन के माध्यम से लोगों को मानसिक रूप से सशक्त बनाकर नशे सहित अन्य व्यसनों से दूर करना है।
कार्यक्रम आयोजकों के अनुसार यह अभियान प्रधानमंत्री की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर शुरू किए गए '10 करोड़ नशामुक्त प्रतिज्ञा महाअभियान' का हिस्सा है। इसमें देशभर की 125 से अधिक अकादमिक संस्थाएं तथा विभिन्न सामाजिक संगठन भागीदारी निभा रहे हैं। अभियान के माध्यम से नागरिकों से नशामुक्त, स्वस्थ, शांत और समृद्ध भारत के निर्माण में सहभागी बनने तथा नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में तरुण विजय, डॉ. निशांत बतरा, राज तिवाड़ी सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। Hanumangarh News,