Rajasthan Weather Update: नोहर-भादरा में मेहरबान रहा मानसून, रामगढ़ में सर्वाधिक 96 मिमी बारिश
हनुमानगढ़ में 7 से 10 अगस्त के बीच प्रदेश में फिर तेज बारिश के आसार
हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। जिले में सोमवार शाम से शुरू हुआ बारिश का दौर देर रात तक जारी रहा। नोहर और भादरा क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई, जबकि रावतसर और संगरिया क्षेत्र में खंड बारिश दर्ज की गई। मंगलवार सुबह भी भादरा क्षेत्र में बारिश का सिलसिला जारी रहा। इसके विपरीत जिला मुख्यालय हनुमानगढ़ और आसपास के क्षेत्र दूसरे दिन भी बारिश से महरूम रहे। दिनभर बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं होने से लोगों को उमसभरी गर्मी का सामना करना पड़ा।
जिला कलक्टर कार्यालय की ओर से जारी वर्षा रिपोर्ट के अनुसार जिले में विभिन्न स्थानों पर कुल 302 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 96 मिमी बारिश नोहर तहसील के रामगढ़ में हुई। इसके अलावा भादरा में 45 मिमी, पल्लू में 44 मिमी, नोहर में 26 मिमी, नौरंगदेसर में 24 मिमी, संगरिया में 14 मिमी, डूंगराना में 12 मिमी, ढाबां में 11 मिमी, छानीबड़ी और फेफाना में 8-8 मिमी तथा रावतसर और खुइयां में 7-7 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र सक्रिय है तथा मानसून ट्रफ उत्तरी राजस्थान से होकर गुजर रही है। मौसम विभाग के अनुसार 6-7 अगस्त से पूर्वी राजस्थान और आसपास के क्षेत्र में नया परिसंचरण तंत्र बनने की संभावना है, जिससे मानसून एक बार फिर सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 7 से 10 अगस्त के बीच भरतपुर, जयपुर, कोटा और अजमेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में मध्यम से भारी तथा कहीं-कहीं अतिभारी बारिश हो सकती है। वहीं, जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले दो-तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है, लेकिन 7 से 9 अगस्त के दौरान इन क्षेत्रों में भी बारिश की गतिविधियों में फिर से बढ़ोतरी होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। Rajasthan Weather Update