Hanumangarh News: महिला अधिवक्ता से मारपीट, पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप

विरोध में बार संघ के अधिवक्ताओं ने रखा पूर्ण कार्य बहिष्कार

Published On

Death Threat: हनुमानगढ़। जिला कलक्ट्रेट एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने गुरुवार सुबह एक महिला अधिवक्ता के साथ कथित मारपीट, गला दबाने तथा पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के विरोध में बार संघ के अधिवक्ताओं ने सभी न्यायालयों में पूर्ण कार्य बहिष्कार करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। Hanumangarh News

जोड़कियां निवासी एवं वर्तमान में ड्रीम लैण्ड कॉलोनी, जंक्शन निवासी अधिवक्ता संतोष पूनिया पुत्री जगदीश पूनिया ने जंक्शन पुलिस थाना में सौंपे प्रार्थना पत्र में राजेश सिंगला, उत्कर्ष सिंगला, शालिनी सिंगला तथा एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रार्थना पत्र के अनुसार गुरुवार सुबह करीब नौ बजे जब संतोष पूनिया अपने कार्यालय पहुंचीं तो किरायाशुदा भूखंड पर लगा उनका फ्लेक्स गायब मिला। जानकारी करने पर पता चला कि पहले किराए पर ली गई दुकान से उनका फ्लेक्स हटाकर उसी स्थान पर आरोपियों ने अपना नाम लिखकर लगा दिया था।

आरोप है कि उसी दौरान आरोपी दुकान का ताला भी तोड़ रहे थे। महिला अधिवक्ता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद अधिवक्ता विकास झोरड़ सहित अन्य लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट जारी रखी। जान बचाने के लिए संतोष पूनिया पास की एक दुकान में चली गईं, जहां आरोपी भी पीछे-पीछे पहुंच गए।

एक युवक ने शर्ट उठाकर पिस्तौल दिखाते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी, जबकि अन्य आरोपियों ने उनका गला दबाकर घसीटते हुए बाहर ले जाने का प्रयास किया। एक आरोपी ने धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उनके चेहरे पर चोट आई। महिला अधिवक्ता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने तथा उनके कब्जे से कथित अवैध पिस्तौल और धारदार हथियार बरामद करने की मांग की है। उधर, घटना के विरोध में बार संघ के अधिवक्ताओं ने गुरुवार को सभी न्यायालयों में पूर्ण कार्य बहिष्कार किया और दोषियों के विरुद्ध शीघ्र एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts