Snatcher Arrested: महिला के गले से सोने का लॉकेट झपटने वाला आरोपी गिरफ्तार, सोने का लॉकेट बरामद
वारदात में प्रयुक्त बाइक भी जब्त - पहले से एनडीपीएस, चोरी और छिनाझपटी के तीन मामले दर्ज
हनुमानगढ़। पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशन में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत संगरिया थाना पुलिस ने महिला से सोने का लॉकेट झपटकर फरार होने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया सोने का लॉकेट बरामद कर वारदात में प्रयुक्त मोटर साइकिल भी जब्त कर ली है। Hanumangarh News
पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने बताया कि 28 जुलाई को संगरिया निवासी विमला पत्नी लीलूराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 जुलाई को वह भगतपुरा रोड से दूध लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान मोटर साइकिल सवार एक युवक ने बातचीत में उलझाकर उनके गले से सोने का लॉकेट झपट लिया और मौके से फरार हो गया। इस संबंध में संगरिया थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के खुलासे के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई, वृत्ताधिकारी रमेशचंद्र माचरा के सुपरविजन तथा संगरिया थाना प्रभारी अमर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए गुरुवार को राजीव कुमार (28) पुत्र रामसिंह नायक निवासी माणक टिब्बी पीएस टिब्बी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से झपटा गया सोने का लॉकेट बरामद किया तथा वारदात में प्रयुक्त मोटर साइकिल नंबर आरजे 31 एसएम 1309 भी जब्त कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपी राजीव कुमार के खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस एक्ट, चोरी और छिनाझपटी सहित विभिन्न धाराओं में तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सहायक उपनिरीक्षक विजय सिंह सोनी, नोरंगलाल, कांस्टेबल चेतराम तथा विजय कुमार शामिल रहे। Hanumangarh News