दिन में जलती स्ट्रीट लाइटों पर उठे सवाल
स्वचालित टाइमर व नियमित निगरानी व्यवस्था लागू करने की मांग
हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र में दिन के समय भी लगातार जल रही स्ट्रीट लाइटों को लेकर जिला कलक्टर से कार्रवाई की मांग की गई है। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल ने गुरुवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर नगर परिषद की लापरवाही पर ध्यान आकर्षित करते हुए विद्युत की हो रही अनावश्यक बर्बादी रोकने की मांग की है। Hanumangarh News
सुशील बहल ने बताया कि नगर परिषद की ओर से संचालित स्ट्रीट लाइटें वार्ड संख्या 51, 52, 59 सहित कई अन्य वार्डांे में पिछले एक वर्ष से अधिक समय से दिन के समय भी लगातार जलती रहती हैं। कई स्थानों पर यह स्थिति प्रतिदिन देखने को मिलती है, जिससे बड़ी मात्रा में विद्युत ऊर्जा की बर्बादी हो रही है और नगर परिषद पर अनावश्यक आर्थिक भार पड़ रहा है।
सुशील बहल ने कहा कि एक ओर सरकार और प्रशासन ऊर्जा संरक्षण एवं बिजली बचाने के लिए आमजन को जागरूक कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर दिन के उजाले में स्ट्रीट लाइटों का जलते रहना संबंधित विभाग की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उनका कहना है कि यदि स्ट्रीट लाइटों का नियमित निरीक्षण एवं समय पर संचालन सुनिश्चित किया जाए तो बड़ी मात्रा में बिजली की बचत संभव है।
उन्होंने जिला कलक्टर से मांग की कि जंक्शन क्षेत्र में दिन के समय जल रही स्ट्रीट लाइटों का तत्काल निरीक्षण करवाकर उन्हें समय पर बंद कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित निगरानी के निर्देश दिए जाएं तथा आवश्यकतानुसार स्वचालित टाइमर या सेंसर आधारित प्रणाली स्थापित कर विद्युत की अनावश्यक बर्बादी पर प्रभावी रोक लगाई जाए। सुशील बहल ने जनहित एवं ऊर्जा संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का शीघ्र समाधान करवाने की मांग की। Hanumangarh News