फर्जी पट्टा जारी करने के आरोप में तत्कालीन ईओ पर मुकदमा चलाने की अनुमति मांगी

जिला कलक्टर को सौंपे प्रार्थना-पत्र में जांच में देरी, पक्षपात और न्याय नहीं मिलने का लगाया आरोप

Published On

हनुमानगढ़। संगरिया नगर पालिका के वार्ड संख्या 30 निवासी रामस्वरूप पुत्र श्योचन्द जाट ने गुरुवार को जिला कलक्टर को प्रार्थना-पत्र सौंपकर नगर पालिका संगरिया के तत्कालीन अधिशाषी अधिकारी जयकरण गुर्जर के विरुद्ध फौजदारी कार्रवाई की अनुमति देने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन ईओ ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए वर्ष 2022 में नियमों को दरकिनार कर गली आम की भूमि पर फर्जी पट्टा जारी कर दिया, जिसके आधार पर संबंधित लोगों ने गली एवं खाली भूखंड पर कब्जा कर लिया। Hanumangarh News

प्रार्थी ने बताया कि इस मामले को लेकर वह पूर्व में भी दस बार जिला प्रशासन को प्रार्थना-पत्र दे चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई पट्टे की प्रतिलिपि भी उन्हें आज तक उपलब्ध नहीं कराई गई। रामस्वरूप ने प्रार्थना-पत्र में उल्लेख किया कि 16 अप्रैल 2026 को जिला कलक्टर की ओर से मामले की जांच के आदेश एसडीएम संगरिया को दिए गए थे।

उनका आरोप है कि जांच में अनावश्यक विलंब किया गया तथा मौके के निरीक्षण के दौरान कुछ आरोपियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, लेकिन अधिकारियों ने कोई हस्तक्षेप नहीं किया। प्रार्थी ने यह भी आरोप लगाया कि मामले की जांच नगर पालिका के उसी कर्मचारी को सौंप दी गई, जिस पर फर्जी पट्टा जारी करने में शामिल होने का आरोप है। इससे जांच की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने जिला कलक्टर से तत्कालीन ईओ जयकरण गुर्जर के विरुद्ध अभियोजन स्वीकृति प्रदान कर फौजदारी मामला दर्ज कराने तथा निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts