'कैराना की फिजा में जहर घोलने पर आमादा कुछ असामाजिक तत्व'

गांव मवी-काकौर में कांवड़ मार्ग पर घटित प्रकरण को सोशल मीडिया पर बिना वजह दे रहे तूल, पुलिस-प्रशासन द्वारा की गई निष्पक्ष व पारदर्शी कार्यवाही पर नही भरोसा

Published On

कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। नेशनल हाइवे 709एड़ी पर गांव मवी-काकौर के सामने घटित प्रकरण को कुछ लोग अनावश्यक तूल देकर क्षेत्र की फिजा में जहर घोलने का प्रयास कर रहे है। इन लोगो के द्वारा पुलिस-प्रशासन द्वारा की गई मामले की निष्पक्ष जांच से भी कोई सरोकार नही है। 

विगत मंगलवार को हरियाणा के जनपद पानीपत के गांव गोयला खुर्द निवासी धर्मवीर उर्फ एमडी रावल नामक व्यक्ति दंडवत कांवड़ से हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। उक्त धर्मवीर का आरोप है कि रात्रि करीब दस बजे जब वह नेशनल हाइवे-709एड़ी पर गांव मवी-काकौर के सामने पहुंचा, तभी सड़क किनारे स्थित एक धार्मिक स्थल के निकट पहुंचने पर वहां बैठे चार युवकों ने उसकी कांवड़ के आगे मांस का टुकड़ा फेंक दिया, जिससे उसकी कांवड़ खंडित हो गई। अनेकों लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और हंगामा करने लगे।

कांवड़िए के द्वारा डायल-112 पर कॉल की गई। मामले की सूचना पर एसडीएम शिवाजी यादव व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार पुलिस बल के साथ में मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की गहनता से जांच की। उन्होंने हंगामा कर रहे लोगो को समझा-बुझाकर शांत कर दिया। इसके बाद, कांवड़िया अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर गया। हालांकि अभी भी कुछ लोग मामले को तूल देने से बाज नही आ रहे है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कहीं गई भड़काऊ बातें

जनपद सहारनपुर के गंगोह थानाक्षेत्र के एक व्यक्ति के द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड की गई है, जिसमें वह समुदाय विशेष के लोगो एवं जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध अत्यंत भड़काऊ एवं आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करता हुआ सुनाई दे रहा है। यह व्यक्ति कस्बे को आग लगाने की खुलेआम धमकी देकर पुलिस-प्रशासन के समक्ष चुनौती पेश कर रहा है। वीडियो में अनेकों लोग नजर आ रहे है। जो आग लगाने की धमकी देने वाले धर्म के कथित झंडाबरदार का साथ देते हुए दिखाई दे रहे है। ये लोग कानून-व्यवस्था और क्षेत्र की शांति के लिए घातक है। प्रशासन को चाहिए कि ऐसे लोगो के विरुद्ध कठोर से कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाए, ताकि अराजकता का माहौल पैदा न हो सके। वीडियो में धमकी देने वाला व्यक्ति पूर्व में भी विवादों में रहा है। 

एसडीएम शिवाजी यादव ने की शांति बरतने की अपील

एसडीएम कैराना शिवाजी यादव ने लोगो से शांति बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दिए जाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पवित्र श्रावण मास शुरू हो चुका है। श्रद्धालु आस्था की डगर पर निरन्तर आगे बढ़ते जा रहे है। कांवड़ यात्रियों की सुविधा व सुरक्षा को प्राथमिकता पर रखा गया है। कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने हेतु प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। माहौल को खराब करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व से सख्ती से निपटा जाएगा। 

अनुशासन व मर्यादा के पालन की नसीहत दे चुके है सीएम योगी

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पिछले दिनों कैराना के दौरे पर पहुंचे थे। जहां पर उन्होंने अपने संबोधन के दौरान कहा था कि जल्द ही कांवड़ यात्रा शुरू होने वाली है। मैं कांवड़ यात्रा में शामिल होने वाले लोगो से अपील करता हूँ। हम सब श्री रामचन्द्र के वंशज है। श्रीकृष्ण के अनुयायी है और भगवान शंकर के भक्त है। हमें राम की मर्यादा, कृष्ण की लीला तथा शंकर की समरसता और जीवंतता सदैव आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है। जीवन में अनुशासन और धैर्य सबसे बड़ी पूंजी होनी चाहिए। छोटी-छोटी बातों को लेकर कहीं हुड़दंगई नही होनी चाहिए। हुड़दंगई, गुंडागर्दी और अनुशासनहीनता के दृश्यों को विरोधी लोग एकत्र करते है और येन-केन प्रकारेण तमाम जगहों से कांवड़ यात्रा को प्रतिबंधित कराने का प्रयास करते है।

सरकार और प्रशासन कांवड़ियों की सुरक्षा और भक्ति को सार्थक करने के लिए पूरी तरह समर्पित है। आस्था का सम्मान करते हुए कांवड़ियों पर पुष्प-वर्षा की जाती है। वह स्वयं भी कांवड़ यात्रा पर पुष्प-वर्षा करते है। हमें मर्यादा को कायम रखना होगा। कोई गलत व्यक्ति बीच में आकर उपद्रव हुड़दंग करने का प्रयास करता है तो उसे पहले ही कान पकड़कर बाहर कर देने की आवश्यकता है। ऐसे लोगो को कतई स्वीकार नही किया जाना चाहिए। हमारे पर्व और त्योहारों की एक मर्यादा है। अगर इन मर्यादाओं के साथ आगे बढ़ेंगे तो ये पर्व खुशहाली लाएंगे।

इन्होंने कहा;-

एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह ने विगत मंगलवार को मवी-काकौर के सामने घटित प्रकरण पर कहा कि मिट्टी में कोई हड्डी दबी हुई थी, जिसकी लंबाई करीब दो इंच थी। हड्डी पर मिट्टी लगी थी, जो बारिश आदि के पानी के कारण मिट्टी हट जाने से जमीन की सतह पर आ गई थी। वहां कुछ नाबालिग लड़के बैठे कोल्डड्रिंक पी रहे थे। उनका मकान भी वहीं पर स्थित है। उन्होंने हड्डी को उठाकर सड़क पर फेंक दिया, जिससे वहां से गुजर रहे कांवड़िए को आशंका पैदा हुई कि शायद जानबूझकर ऐसा किया गया है। पूरे कांवड़ मार्ग की साफ-सफाई करा दी गई है। मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।

Kairana News

About The Author

Related Posts