शिक्षा और रोजगार
Farmers News: खरीफ सीजन में डीएपी की आपूर्ति तेज, सरसा के 300 किसानों को मिली खाद
टोकन प्रणाली से प्रत्येक किसान को मिले पांच-पांच कट्टे, जिले में अब तक 11,300 एमटी डीएपी की आपूर्ति
Farmers News: सरसा, (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय पर डीएपी खाद उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने आपूर्ति व्यवस्था तेज कर दी है। शुक्रवार को इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) का 800 मीट्रिक टन डीएपी खाद का नया रैक सरसा पहुंचने के बाद शनिवार को अनाज मंडी स्थित सरकारी वितरण केंद्र पर टोकन प्रणाली के माध्यम से किसानों को खाद वितरित की गई। वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए पहले किसानों के टोकन जारी किए गए, जिसके बाद उन्हें निर्धारित मात्रा में डीएपी उपलब्ध कराई गई। Sirsa News
शनिवार सुबह अनाज मंडी स्थित 13 नंबर पैक्स सेल प्वाइंट पर करीब 300 किसानों के टोकन काटे गए। प्रत्येक किसान को पांच-पांच कट्टे डीएपी खाद दी गई। टोकन प्रणाली के चलते वितरण के दौरान न तो अव्यवस्था देखने को मिली और न ही किसानों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ा। कृषि विभाग के अधिकारियों ने पूरे वितरण कार्य की निगरानी की, जिससे प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हुई। कृषि विभाग के अनुसार चालू खरीफ सीजन में जिले में अब तक कुल 11,300 मीट्रिक टन डीएपी खाद की आपूर्ति हो चुकी है। जिले में पूरे सीजन के दौरान करीब 42 हजार मीट्रिक टन डीएपी की आवश्यकता रहती है।
60:40 अनुपात में हो रहा वितरण
विभाग की ओर से डीएपी खाद का वितरण निर्धारित 60:40 अनुपात के तहत किया जा रहा है। इसके अनुसार 60 प्रतिशत खाद प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (पैक्स) के माध्यम से तथा 40 प्रतिशत अधिकृत निजी विक्रेताओं के जरिए किसानों तक पहुंचाई जा रही है। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार डीएपी खाद को लेकर अफरा-तफरी की स्थिति देखने को नहीं मिल रही है। न ही सरकारी केंद्रों पर लंबी कतारें लग रही हैं। कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार इसके पीछे दो प्रमुख कारण हैं। Sirsa News
पहला, अधिकांश किसानों ने जनवरी और फरवरी माह में ही डीएपी खाद का पर्याप्त भंडारण कर लिया था। दूसरा, जिले में अब तक सामान्य से कम बारिश होने के कारण कई क्षेत्रों में बुवाई की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रही है, जिससे फिलहाल डीएपी की मांग भी नियंत्रित बनी हुई है। विभाग लगातार खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है।
कृषि विभाग के क्यूसीआई अमित कुमार ने बताया कि जिले में किसानों के वितरण के लिए आईपीएल की 800 मीट्रिक टन डीएपी खाद पहुंच चुकी है। शनिवार को सरसा के जनता भवन रोड स्थित पैक्स सेल प्वाइंट पर टोकन प्रणाली के माध्यम से करीब 300 किसानों को डीएपी खाद वितरित की गई। विभाग का प्रयास है कि सभी पात्र किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराई जाए और आवश्यकता के अनुसार आगे भी डीएपी की आपूर्ति जारी रखी जाएगी। Sirsa News