शिक्षा और रोजगार
हरियाणा भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की कमान डॉ. अवनीत सिंह वड़ैच को, बोले— संगठन की उम्मीदों पर पूरी निष्ठा से उतरूंगा
भाजपा ने डॉ. अवनीत सिंह वड़ैच को सौंपी हरियाणा अल्पसंख्यक मोर्चा की कमान
पिहोवा (सच कहूँ न्यूज़)। Pehowa News: भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार और मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. अवनीत सिंह वड़ैच को हरियाणा प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. वड़ैच को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए इसे संगठन को और अधिक सशक्त बनाने वाला निर्णय बताया है।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद डॉ. अवनीत सिंह वड़ैच ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया तथा सह-प्रभारी सुरेंद्र सिंह नागर का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसके लिए सदैव ऋणी रहेंगे। डॉ. वड़ैच ने कहा कि यह दायित्व उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि राष्ट्रहित, संगठन की विचारधारा और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूती के साथ निभाने का अवसर है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अथक परिश्रम के साथ संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे तथा पार्टी की नीतियों और केंद्र एवं हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के हर वर्ग और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समाज को भाजपा की राष्ट्रवादी सोच और विकासोन्मुखी नीतियों से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। डॉ. वड़ैच ने पार्टी नेतृत्व, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का पुनः आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के विश्वास, सहयोग और मार्गदर्शन से वह इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे और संगठन की मजबूती के लिए पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
