श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत यमुना पर प्रशिक्षित गोताखोर तैनात

कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, यमुना तट पर प्रशिक्षित गोताखोर और बचाव दल तैनात

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को निर्विघ्न सम्पन्न कराने हेतु प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध नजर आ रहा है। इसी के दृष्टिगत किसी भी विषम परिस्तिथियों से निपटने हेतु प्रशासन के द्वारा यमुना नदी पर प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी आलोक यादव ने यह जानकारी दी है। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया साइट 'एक्स' पर अपने ऑफिशियल अकाउंट से यह सूचना शेयर की है। जिलाधिकारी के द्वारा यमुना पर तैनात किए गए गोताखोरा की दो तस्वीरें भी पोस्ट की गई है।

साथ ही लिखा है; 'कांवड़ यात्रा-2026 एवं वर्षा ऋतु के दृष्टिगत यमुना नदी तट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु प्रशिक्षित गोताखोरों एवं बचाव दल की तैनाती की गई है। संभावित आपात परिस्थितियों से त्वरित निपटने के लिए सुरक्षा एवं राहत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखते हुए संबंधित टीमें निरंतर सतर्क एवं सक्रिय हैं, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित एवं सुचारु बनी रहे।' शिवभक्त कांवड़िए हरिद्वार से पवित्र गंगाजल भरकर हर-हर महादेव, बोल बम और शंकर भगवान की जय आदि के जयकारों के साथ भारी संख्या में कैराना से होकर अपने गंतव्यों की ओर बढ़ते जा रहे है।

यमुना नदी में छोड़ा गया 35,674 क्यूसेक जल, बहाव में वृद्धि की संभावना

हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में 35,674 क्यूसेक पानी प्रवाहित किया गया है, जिससे कैराना में यमुना के बहाव में वृद्धि होने की संभावना है। 

पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में निरन्तर हो रही बारिश के चलते हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में पानी छोड़े जाने के सिलसिले में वृद्धि हुई है। गुरुवार प्रातः आठ बजे हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में अधिकतम 15,376 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया था, जबकि शुक्रवार को इसी समय बैराज से 35,674 क्यूसेक पानी यमुना नदी में प्रवाहित किया गया। यह दिनभर का अधिकतम था। कैराना में प्रातः आठ बजे यमुना नदी का जलस्तर 228.98 मीटर था। शुक्रवार को छोड़े गए पानी से यमुना के जलस्तर में वृद्धि की संभावना है।

बैराज से छोड़ा गया पानी 24 घंटे में कैराना पहुंच जाएगा। उधर, ड्रेनेज विभाग के अवर अभियंता आशु कुमार ने बताया कि हथिनीकुंड बैराज से शुक्रवार प्रातः आठ बजे अधिकतम 35,674 क्यूसेक पानी यमुना में प्रवाहित किया गया है। इस पानी से क्षेत्र में यमुना के बहाव में आंशिक वृद्धि होने की संभावना है। यमुना का जलस्तर बढ़ने से फिलहाल खतरे की कोई बात नही है। यमुना ब्रिज पर लगे सूचकांक के अनुसार चेतावनी बिंदु 231.000 मीटर व खतरे का निशान 231.500 मीटर पर निर्धारित किया गया है।

Kairana News (2)

About The Author

Related Posts