Viral Video: मॉल में महिला से मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस ने आरोपी पकड़ा
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का मामला
Viral Video: गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित एक शॉपिंग मॉल में महिला के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की। Ghaziabad News
पुलिस के अनुसार यह घटना इंदिरापुरम क्षेत्र स्थित जयपुरिया मॉल की है। वायरल वीडियो में एक युवक और महिला के बीच पहले तीखी कहासुनी होती दिखाई देती है, जिसके बाद विवाद हाथापाई में बदल जाता है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी सत्यता की जांच की और संबंधित स्थान की पुष्टि की।
जांच में सामने आया कि दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और उनके बीच किसी निजी कारण को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान कथित तौर पर मारपीट की घटना हुई। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। Ghaziabad News
इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त सूर्यबली मौर्य ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और जांच शुरू की। जांच में घटना की पुष्टि होने के बाद आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने युवक और महिला की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। दोनों के आपसी संबंधों को लेकर भी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घटना से संबंधित अपुष्ट जानकारी या भ्रामक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें तथा केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। Ghaziabad News