लोकार्पण के चार माह बाद भी अधूरी सड़क! कासमपुर खोला लिंक मार्ग में अनियमितताओं का आरोप, ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर की शिकायत
करोड़ों की सड़क पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने निर्माण गुणवत्ता पर जताई आपत्ति
मीरापुर (सच कहूँ/कोमल कुमार)। Mirapur News: ग्राम कासमपुर खोला के ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे लिंक मार्ग निर्माण में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उक्त सडक का लोकार्पण आॅनलाईन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व केन्द्रीय मंत्री जयन्त चौधरी के द्वारा 13 अप्रैल 2026 को कराकर बोर्ड भी लगा दिया गया था।
ग्राम कासमपुर खोला के गुरु गोविंद दास मंदिर से सम्भलहेडा स्थित श्रीसिद्धपीठ पंचमुखी महादेव मंदिर तक लगभग 231.14 लाख रुपये की लागत से प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, मुजफ्फरनगर द्वारा सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में निर्धारित सामग्री के बजाय मिट्टी का उपयोग किया जा रहा है। साथ ही सड़क की चैड़ाई भी स्वीकृत मानकों के अनुसार नहीं रखी जा रही है। उनका आरोप है कि इस संबंध में कई बार संबंधित जूनियर इंजीनियर और ठेकेदार से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। क्षेत्रीय विधायक मिथिलेश पाल से भी मामले की शिकायत की गई, परंतु समाधान नहीं निकल सका। ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण स्थल पर लगे शिलापट के अनुसार सड़क निर्माण कार्य 13 अप्रैल 2026 तक पूरा होना था, जबकि अभी भी कार्य जारी है।
उनका आरोप है कि डंपरों से मिट्टी लाकर सड़क निर्माण में प्रयोग की जा रही है, जिससे सड़क की मजबूती प्रभावित होगी। पूर्व प्रधान कपिल कुमार, संजय, गुलाब सिंह जड़वड़, कमल सिंह, विनीत कुमार और मोनू कुमार सहित कई ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का विरोध किया और उच्च स्तरीय जांच कर मानकों के अनुरूप सड़क निर्माण कराने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि इस मार्ग से प्रतिदिन श्रीसिद्धपीठ पंचमुखी महादेव मंदिर आने वाले हजारों श्रद्धालु गुजरते हैं, इसलिए गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण आवश्यक है। वहीं विधायक प्रतिनिधि एवं रालोद नेता अमरनाथ सिंह ने कहा कि वह स्वयं मौके का निरीक्षण करेंगे और यदि निर्माण कार्य मानकों के विपरीत पाया गया तो तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
