कार से खींचकर युवक पर लाठी-डंडों, बेल्ट व ईंट से हमला, छह नामजद

कैराना में युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कस्बे में एक युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल से हड़कंप मच गया। करीब 45 सेकंड के वायरल वीडियो में कुछ लोग कार सवार युवक को जबरन बाहर खींचकर उसके साथ में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर छह नामजद समेत कई अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।

विगत रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें कुछ युवक कार में बैठे युवक को बाहर खींचकर उसके साथ में बेल्ट, लाठी-डंडों और ईंट से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। हालांकि वीडियो की परिस्थितियों और उसमें दिख रहे लोगों की भूमिका की जांच पुलिस कर रही है।

19 जुलाई की रात हुई थी घटना

पुलिस के अनुसार, यह घटना 19 जुलाई की रात की बताई जा रही है, जबकि इसका वीडियो रविवार देर शाम सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और देर रात पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर जानलेवा हमले सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।

पीड़ित पक्ष ने छह लोगों को किया नामजद

तीतरवाड़ा निवासी मुनव्वर उर्फ मन्नू ने कोतवाली में दर्ज मुकदमें में बताया कि विगत 19 जुलाई की रात करीब नौ बजे उसके छोटे भाई वसीम उर्फ तोलू को कुछ लोगो ने कैराना बुलाया था। इसके बाद, सुहैब, फरमान, अफरीदी, रिहान, हुसैन, आसिफ और उनके अन्य साथियों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों, बेल्ट तथा ईंटों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि हमला जान से मारने की नीयत से किया गया है। शोर सुनकर आसपास के काफी लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया। इसके बाद, आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।

'मामा गैंग' नाम से सोशल मीडिया अकाउंट चलाने का आरोप

आरोप है कि कुछ युवक सोशल मीडिया पर खुद को कथित 'मामा गैंग' के नाम से प्रचारित करते हैं और दबंगई से जुड़े वीडियो साझा करते हैं। रविवार की रात्रि युवक पर हमला करने वाले लोग भी इसी गैंग के बताए जा रहे है। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर इसके अलावा अन्य कई नामों से अकाउंट बनाकर दादागिरी से जुड़ी वीडियो पोस्ट की जाती है। ये अकाउंट पुलिस व कानून-व्यवस्था के लिए भी चुनौती बनते है।

आरोपियों की तलाश में दबिश जारी

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो कई दिन पुराना है, जिसे संज्ञान में लेकर कार्यवाही की जा रही है। पीड़ित युवक के भाई की तहरीर के आधार पर छह नामजद समेत कई लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। वायरल वीडियो तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Kairana News (3)

About The Author

Related Posts