Leopard News: घर में घुसा तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत

घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में गुलदार की गतिविधि कैद

Published On

नैनीताल (हि.स.)। नैनीताल जनपद के धारी विकासखंड के पुटगांव में एक गुलदार के आवासीय घर में घुसने की घटना हुई है। इससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। बताया गया है कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में गुलदार की गतिविधि कैद हो गई है। इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल पिंजरा लगाने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। Leopard News

ग्रामीणों के अनुसार हाल के दिनों में क्षेत्र में गुलदार की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। ताजा घटना में एक भारी-भरकम गुलदार एक घर की दहलीज पार कर आंगन तक पहुंच गया। संयोग से उसने किसी व्यक्ति अथवा पालतू पशु पर हमला नहीं किया और कुछ देर बाद वापस जंगल की ओर लौट गया, लेकिन इस घटना के बाद गांव में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही गुलदार गांव में घूमता दिखाई देता है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने बताया कि जंगलों में भोजन और पानी की कमी के कारण मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं बढ़ रही हैं तथा धारी क्षेत्र में पिछले कई दिनों से गुलदार लगातार दिखाई दे रहा है। उन्होंने वन विभाग से गांव में नियमित गश्त बढ़ाने, गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने अथवा आवश्यक होने पर उसे बेहोश कर सुरक्षित पकड़ने, प्रभावित क्षेत्रों में वन कर्मियों की तैनाती करने तथा संपर्क मार्गों पर स्ट्रीट लाइट लगाने और झाड़ियों की सफाई कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। Leopard News

About The Author

Related Posts