Snake Bite: पहले बाढ़ ने किया प्रभावित, फिर सर्पदंश की मार
7 जिलों में 96 मामले, कोई मौत नहीं: जनस्वास्थ्य विभाग
Snake Bite: भुवनेश्वर (हि.स.)। ओडिशा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अब तक सर्पदंश के कुल 96 मामले सामने आए हैं, हालांकि इनमें से किसी भी मामले में मौत नहीं हुई है। यह जानकारी जनस्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. बसंत प्रधान ने दी। डॉ. प्रधान ने बताया कि बाढ़ का पानी भले ही उतर गया हो, लेकिन राज्य के सात जिलों—बालेश्वर, जाजपुर, भद्रक, जगतसिंहपुर, केओंझार, पुरी और कटक—में स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां अब भी बनी हुई हैं। इन परिस्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। सभी प्रभावित जिलों में नियंत्रण कक्ष और अस्थायी उपचार शिविर स्थापित किए गए हैं। Bhubaneswar News
उन्होंने बताया कि विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) के साथ समन्वय कर ओआरएस, एंटी-स्नेक वेनम (एएसवी) तथा अन्य आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडार सुनिश्चित किया गया है। डॉ. प्रधान ने आगे कहा कि सर्पदंश के मामलों के अलावा 195 डायरिया के मामले भी दर्ज किए गए हैं।
मरीजों का उपचार विशेष रूप से डिहाइड्रेशन की रोकथाम पर ध्यान केंद्रित कर किया जा रहा है। अब तक कुल 21,334 लोगों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं। इसके अलावा, 481 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया, जिनमें से 332 सफल प्रसव हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इन मामलों में न तो किसी मां और न ही किसी नवजात की मृत्यु हुई है। Bhubaneswar News