हेरोइन तस्करी की कमाई पर पुलिस का प्रहार, मुख्य सप्लायर से 31.50 लाख का सोना बरामद

4 दिन के रिमांड में खुला राज, 196.19 ग्राम  सोना और नकदी मिली

Published On

फतेहाबाद (सच कहूँ/विनोद कुमार शर्मा)। Fatehabad News: नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में शहर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हेरोइन तस्करी के मुख्य सप्लायर से पुलिस ने चार दिन के रिमांड के दौरान 31 लाख 50 हजार 400 रुपये मूल्य का 196.19 ग्राम सोना और 12,350 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपी की अवैध संपत्ति, बैंक खातों और आर्थिक लेन-देन की गहन जांच में जुट गई है, ताकि नशे के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर, आईपीएस के निर्देशन में की गई कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरु नानकपुरा निवासी छिंदर सिंह पुत्र बचन सिंह के रूप में हुई है।

रिमांड पूरा होने के बाद सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। शहर थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्रा ने बताया कि 29 जून को गुरु नानकपुरा चौकी प्रभारी एसआई कंवर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भाटिया कॉलोनी निवासी मुख्तयार सिंह उर्फ मुखा को 10.43 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान मुख्तयार ने खुलासा किया कि वह हेरोइन छिंदर सिंह से लेकर आता था और दोनों मिलकर इसकी तस्करी करते थे। इसके बाद पुलिस ने मुख्य सप्लायर छिंदर सिंह को गिरफ्तार कर चार दिन के रिमांड पर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर सोने के आभूषण और नकदी बरामद की गई।

आरोपी के खातों की जानकारी खंगाल रही पुलिस

आभूषण बरामदगी में सोने की अंगूठियां, कंगन, चेन और विभिन्न प्रकार के लॉकेट शामिल हैं। पुलिस के अनुसार कुल 196.19 ग्राम सोने की अनुमानित कीमत 31.50 लाख रुपये है। इसके अलावा 12,350 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सोना और नकदी पूरी तरह नशा तस्करी की कमाई है या इसके तार किसी अन्य आपराधिक गतिविधि से भी जुड़े हैं। इसके लिए आरोपी के बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और उसके संपर्क में रहे अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनकी अवैध कमाई और पूरे सप्लाई नेटवर्क पर भी लगातार प्रहार किया जाएगा।

Fatehabad News
Fatehabad News: हेरोइन तस्करी की कमाई पर पुलिस का प्रहार, मुख्य सप्लायर से 31.50 लाख का सोना बरामद

About The Author

Related Posts