घरौंडा के समग्र विकास के लिए विभिन्न परियोजनाओं हेतु संभावित स्थलों का किया निरीक्षण: हरविंद्र कल्याण

मिनी सचिवालय, ऑडिटोरियम, पार्किंग, सडक़ चौड़ीकरण सहित अनेक विकास कार्यों को मिलेगी गति

Published On

घरौंडा (सच कहूँ न्यूज़)। Gharaunda News: हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने सोमवार को उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, नगर निगम आयुक्त मती सोनाली शर्मा तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ घरौंडा शहर का दौरा कर विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए संभावित स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनहित एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने इंडो-इजरायल परियोजना के निकट प्रस्तावित मिनी सचिवालय के लिए उपयुक्त भूमि का अवलोकन किया। इसके अलावा सर्विस लेन पर रैंप निर्माण एवं सडक़ चौड़ीकरण, हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम (एचवीपीएन) परिसर में पार्किंग के लिए भूमि, डिंगरमाजरा रोड के चौड़ीकरण, ऑडिटोरियम के नवीनीकरण और आधुनिक सुविधाओं से युक्त के लिए संभावित स्थल तथा मिनी बाईपास एवं खूनी पुल क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। यहां पर अंडर पास बनाए जाने का प्रस्ताव है।

उन्होंने रेलवे रोड स्थित दुकानों, रेलवे स्टेशन के समीप पार्क के लिए प्रस्तावित भूमि, गुरुकुल के निकट लाइनपार क्षेत्र में फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण के लिए संभावित स्थान तथा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के लिए भूमि का भी जायजा लिया।

हरविंद्र कल्याण ने कहा कि घरौंडा के सुनियोजित एवं संतुलित विकास के लिए आधारभूत ढांचे को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार, बेहतर यातायात व्यवस्था तथा भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। इन परियोजनाओं के साकार होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और शहर के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष को प्रस्तावित परियोजनाओं से संबंधित तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान इस मौके पर एसडीएम घरौंडा राजेश सोनी, नगरपालिका चेयरमेन हैप्पी लक गुप्ता, नगर पालिका सचिव, मार्केट कमेटी के चेयरमेन, पूर्व चेयरमैन निर्मल बैरागी, एक्सईएन बिजली बोर्ड सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Gharaunda News

About The Author

Related Posts