Dengue: पटियाला में डेंगू के मामले मिलने का सिलसिला जारी, 17 मामले आए सामने

सोमवार को जिलेभर में 20,077 घरों की जाँच, 116 स्थानों पर मिला डेंगू का लार्वा

Published On

पटियाला (सच कहूँ/नरेन्द्र सिंह बठोई)। Patiala News: जिले में डेंगू के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब तक जिले में डेंगू के 17 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ सकती है, क्योंकि आज जिलेभर में 20,077 घरों में पहुंचकर डेंगू के लार्वा की जांच की गई, जिसमें 116 स्थानों पर लार्वा मिला। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मौके पर ही लार्वा को नष्ट करवा दिया, लेकिन लोगों की लापरवाही के कारण लगातार लार्वा मिलने का सिलसिला जारी है।

जानकारी देते हुए सिविल सर्जन डॉ. शैली जेतली ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा पटियाला जिले में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर डेंगू विरोधी ड्राई डे गतिविधियाँ चलाई गर्इं। इस दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, जिला कचहरियां, पाल ढाबा, एसी मार्केट, अदालत बाजार, धर्मपुरा बाजार, त्रिपड़ी बाजार, साइकिल मार्केट, बैंकों, ग्रीन पार्क तथा सुविधा केन्द्रों सहित विभिन्न स्थानों पर डेंगू के लार्वा की जाँच की गई। कई स्थानों पर मिले लार्वा को तुरंत नष्ट कराया गया। साथ ही आम जनता को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक भी किया गया। 

जिला महामारी विशेषज्ञ डॉ. गुरप्रीत कौर ने बताया कि अब तक स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा ड्राई डे अभियान के तहत 6,22,470 घरों का सर्वे किया जा चुका है। इनमें 3,623 स्थानों पर डेंगू का लार्वा मिला, जिसे टीमों ने मौके पर ही नष्ट करवा दिया। साथ ही संबंधित परिवारों को भविष्य में बचाव संबंधी आवश्यक जानकारी और जागरूकता भी प्रदान की गई।

Patiala News
Patiala News: स्वास्थ्य विभाग की टीम डेंगू के लार्वा की जांच करती हुई।

 

About The Author

Related Posts