Railway News Update: अब जींद तक दौड़ेगी जाखल-लुधियाना-जाखल पैसेंजर, जानें समय और किन-किन स्टेशनों पर होगा ठहराव
रूट विस्तार को मंजूरी, 128 से बढ़कर 200 किलोमीटर होगी दूरी, जींद जंक्शन तक सीधी रेल सेवा से यात्रियों को सुविधा
जाखल (सच कहूँ/तरसेम सिंह)। Jakhal Ludhiana Passenger: टोहाना, जाखल, नरवाना और जींद क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय रेलवे ने लुधियाना-जाखल पैसेंजर ट्रेन (54053/54054) का रूट विस्तार कर इसे जींद जंक्शन तक चलाने का निर्णय लिया है। रूट विस्तार के बाद ट्रेन की कुल यात्रा दूरी 128 किलोमीटर से बढ़कर लगभग 200 किलोमीटर हो जाएगी। इस फैसले से लहरागागा, टोहाना, नरवाना और जींद, धूरी, संगरूर, सुनाम, लहरा और लुधियाना के बीच यात्रा को नई गति और क्षेत्र के हजारों दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और व्यापारियों को सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा।
अब यात्रियों को जाखल में ट्रेन बदलने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। नई व्यवस्था के अनुसार अब लुधियाना से जींद जंक्शन, जींद से लुधियाना तक आवागमन करेगी। जींद से लुधियाना जाते समय उक्त ट्रेन टोहाना में सुबह 5:00 बजे पहुंचेगी। यहां से रवाना होकर जाखल में 5:20 बजे, धूरी में 7:00 बजे और लुधियाना में लगभग 8:30 बजे पहुंचेगी। लुधियाना से जींद के लिए लुधियाना से प्रस्थान शाम 6:30 बजे होगा। धूरी में रात 8:10 बजे, जाखल में 9:40 बजे, टोहाना में 10:00 बजे तथा जींद में लगभग रात 11:10 बजे पहुंचेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार नई समय-सारिणी जल्द जारी की जाएगी।
क्षेत्रवासियों में खुशी
रूट विस्तार की घोषणा के बाद टोहाना, जाखल, नरवाना और जींद क्षेत्र के यात्रियों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि इससे रेलवे कनेक्टिविटी मजबूत होगी और रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। रेलवे उपभोक्ता सलाहकार समिति के सदस्यों और क्षेत्र के लोगों, हजारों यात्रियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।