जंतर-मंतर विवाद: PM मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद रुचिका सिंह का माफीनामा वीडियो वायरल, हाथ जोड़कर मांगी माफी
जंतर-मंतर विवाद: PM मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद रुचिका सिंह का माफीनामा वीडियो वायरल, हाथ जोड़कर मांगी माफी
नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर 23 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। इस मामले की आरोपी रुचिका सिंह का एक माफीनामा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह हाथ जोड़कर पूरे देश से माफी मांगती दिखाई दे रही है। वीडियो में रुचिका खुद को 15 वर्ष की बताते हुए कहती है कि वह कनॉट प्लेस घूमने के बाद अपने दोस्तों के साथ जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में पहुंची थी। उसका दावा है कि वहां मौजूद लोगों के प्रभाव में आकर उसने प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कहीं।
रुचिका ने वीडियो में स्वीकार किया कि उसने जो कहा, वह गलत था और माफी के योग्य नहीं है। उसने इसे अपनी पहली और आखिरी गलती बताते हुए पूरे देश से हाथ जोड़कर क्षमा मांगी। साथ ही कहा कि उसे अपने व्यवहार पर शर्मिंदगी है और भविष्य में वह ऐसी गलती दोबारा नहीं करेगी। हालांकि, वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामले से जुड़े तथ्यों और जांच के संबंध में संबंधित एजेंसियों की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।