'अध्यक्ष पद कोई बड़ी बात नहीं', राजा वड़िंग का बड़ा बयान; बोले- टिकट कट जाए, फिर भी नहीं छोड़ूंगा कांग्रेस
'अध्यक्ष पद कोई बड़ी बात नहीं', राजा वड़िंग का बड़ा बयान; बोले- टिकट कट जाए, फिर भी नहीं छोड़ूंगा कांग्रेस
चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग ने अपने पद को लेकर बड़ा बयान दिया है। फतेहगढ़ साहिब में कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल की मौजूदगी में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए वड़िंग ने कहा कि उनके लिए अध्यक्ष पद से ज्यादा पार्टी के प्रति निष्ठा मायने रखती है। राजा वड़िंग ने कहा, "अध्यक्ष पद कोई बड़ी चीज नहीं है। पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है। अगर पार्टी मेरा टिकट भी काट दे, तब भी मैं कांग्रेस नहीं छोड़ूंगा।" उन्होंने कहा कि वह चार बार विधायक और एक बार सांसद रह चुके हैं, इसलिए पद से ज्यादा उनके लिए संगठन और पार्टी महत्वपूर्ण है।
अपने संबोधन में वड़िंग ने यह भी दावा किया कि राहुल गांधी अमर सिंह को मुख्यमंत्री बनाना चाहते थे, लेकिन अमर सिंह ने खुद यह प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कई नेता अपनी मेहनत और संघर्ष के दम पर आगे बढ़े हैं।
तकनीक और चुनावी रणनीति का जिक्र करते हुए वड़िंग ने कहा कि पहले लड़ाई बंदूक और टैंकों से होती थी, लेकिन अब ड्रोन और डिजिटल माध्यमों का दौर है। उन्होंने कहा कि "अगर हम समय के साथ नहीं बदले तो धोखा खाएंगे। आज चुनाव फोन पर लड़े जाते हैं और फेक न्यूज का असर भी काफी बढ़ गया है।"
राजा वड़िंग के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में उनके प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर इस्तीफे की बात नहीं कही, लेकिन उनके बयान को अध्यक्ष पद छोड़ने की पेशकश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल इन दिनों राज्य के 10 दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वह बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेकर संगठन की जमीनी स्थिति का आकलन कर रहे हैं। इस अभियान की शुरुआत सरहिंद (फतेहगढ़ साहिब) से की गई है।