Electricity Workers Strike: बिजली कर्मचारियों की हड़ताल पर सरकार सख्त, समाधान के लिए बातचीत जारी
हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल टालने को सरकार के प्रयास तेज
अंबाला (सच कहूँ न्यूज)। Electricity Workers Strike: हरियाणा में बिजली कर्मचारी यूनियनों द्वारा 11 से 13 अगस्त तक प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल को टालने के लिए राज्य सरकार ने बातचीत के प्रयास तेज कर दिए हैं। ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने बताया कि विभाग के उच्च अधिकारी कर्मचारी प्रतिनिधियों के साथ लगातार संपर्क में हैं और उन्हें भरोसा है कि हड़ताल का सौहार्दपूर्ण समाधान निकाल लिया जाएगा।
ऊर्जा मंत्री के अनुसार, हाल ही में यूनियनों के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक में कर्मचारियों की मुख्य मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली वितरण का समानांतर लाइसेंस देने का मामला सीधे हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग के समक्ष विचाराधीन है, जो एक स्वायत्त निकाय है। सुनवाई के दौरान सरकारी अधिकारियों ने निजीकरण का विरोध करते हुए सरकार का रुख स्पष्ट कर दिया है। स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर मंत्री ने जानकारी दी कि इसके टेंडर अभी जारी नहीं हुए हैं और फाइल प्रक्रियाधीन है। इसके अतिरिक्त, एग्री डिस्कॉम गठन की मांग पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री से आगामी चर्चा के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि बैठक में सभी बिंदुओं पर सहमति बन गई थी, लेकिन बाहर कुछ असामाजिक तत्वों के उकसावे के कारण हड़ताल का ऐलान किया गया। इसके बावजूद विभाग बातचीत कर रहा है और कर्मचारियों को मना लिया जाएगा।