Sonipat News: मुरथल कैफे में फायरिंग व तोड़फोड़, सीसीटीवी की डीवीआर भी ले गए आरोपित

मामला दर्ज, पुलिस ने जांच शुरू की

Published On

सोनीपत, (सच कहूँ न्यूज)। सोनीपत के मुरथल स्थित एक कैफे में पार्टी खत्म होने के बाद देर रात फायरिंग, मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना में कैफे के दो कर्मचारी घायल हो गए। कैफे संचालक की शिकायत पर मुरथल थाना पुलिस ने सोमवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Sonipat News

कैफे संचालक अनिल आंतिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक अगस्त को सेक्टर-23 सोनीपत निवासी सुमित दहिया ने रफ्तार कैफे का पार्टी हॉल बुक कराया था। पार्टी समाप्त होने के बाद रात करीब 12 बजे सुमित अपने पांच साथियों के साथ कैफे की छत पर बैठा रहा। शिकायत के अनुसार, उस समय कैफे का अधिकांश स्टाफ जा चुका था और कुछ कर्मचारी ही मौके पर मौजूद थे। शिकायत में बताया गया कि देर रात कुछ युवक नीचे आए और कर्मचारियों से खाना बनाने की मांग करने लगे। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। 

विरोध करने पर युवकों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने पिस्तौल निकालकर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। हालांकि गोली किसी कर्मचारी को नहीं लगी। सूचना मिलने के बाद मुरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कराया। पुलिस ने विशेषज्ञ टीम की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। Sonipat News

तोड़फोड़ के बाद डीवीआर ले गए आरोपित 

फायरिंग के बाद आरोपितों ने कैफे में तोड़फोड़ की। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि घटना के साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आरोपित कैफे की सीसीटीवी डीवीआर भी अपने साथ ले गए। कैफे संचालक ने यह भी आरोप लगाया कि होटल में काम करने वाले रितिक, गोल्डी और वरुण ने मारपीट के दौरान आरोपितों का साथ दिया और फायरिंग के बाद गोली का खाली खोल उठाकर फायर करने वाले युवक को दे दिया।

घटना की सूचना रात करीब तीन बजे कैफे संचालक को मिली, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे। घायल कर्मचारियों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, कर्मचारी महेश के होंठ, आंख और चेहरे पर तीन चोटें मिलीं, जबकि राहुल के सिर, हाथ, गर्दन और दोनों घुटनों सहित शरीर के कई हिस्सों पर पांच चोटें दर्ज की गईं। Sonipat News

About The Author

Related Posts