समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत, जनता के हकों की लड़ाई और तेज करेगी कांग्रेस: शेर प्रताप शेरी
स्मार्ट मीटर, निजीकरण, महंगाई, बेरोजगारी और आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा, गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाने का आह्वान
असंध/करनाल (सच कहूँ न्यूज़)। हरियाणा किसान कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष शेर प्रताप शेरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आमजन के अधिकारों और हितों की लड़ाई लड़ती आई है तथा भविष्य में भी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की सबसे बड़ी पूंजी उसके समर्पित, कर्मठ और निष्ठावान कार्यकर्ता होते हैं। कार्यकर्ताओं के दम पर ही संगठन मजबूत होता है और जनता का विश्वास जीतता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर आम लोगों की समस्याओं को सुनें, उन्हें पार्टी की नीतियों से जोड़ें और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें।
करनाल रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ताओं की मासिक बैठक को संबोधित करते हुए शेरी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश और देश की जनता आज बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, स्मार्ट मीटर, शिक्षा व्यवस्था की बदहाली और सरकारी विभागों के निजीकरण जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है, जबकि शिक्षा और सरकारी स्कूलों से जुड़े फैसलों का सीधा असर गरीब और ग्रामीण परिवारों के बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है।
शेरी ने कहा कि सरकारी विभागों के लगातार निजीकरण से सामाजिक न्याय की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकारी नौकरियां लगातार कम होती जाएंगी तो आरक्षण का वास्तविक लाभ वंचित वर्गों तक कैसे पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर ने आरक्षण की व्यवस्था समाज के पिछड़े और वंचित वर्गों को मुख्यधारा में लाकर उन्हें समान अवसर और बराबरी का अधिकार दिलाने के उद्देश्य से की थी, लेकिन वर्तमान नीतियां उस मूल भावना को कमजोर कर रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारों के समय स्थापित सार्वजनिक संस्थानों और राष्ट्रीय संपत्तियों का निजीकरण किया जा रहा है। उनके अनुसार इससे देश की सार्वजनिक परिसंपत्तियां धीरे-धीरे निजी हाथों में जा रही हैं और आम नागरिकों के हित प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम परिवारों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है और हर वर्ग आर्थिक दबाव महसूस कर रहा है।
शेरी ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और कमजोर वर्गों की आवाज को मजबूती से उठा रहे हैं तथा जनता के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे स्मार्ट मीटर, बेरोजगारी, महंगाई, निजीकरण, शिक्षा और आरक्षण जैसे जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता के बीच ले जाएं तथा कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाएं।
इस अवसर पर दिलबाग नंबरदार बल्ला, बलवान कुरलन,हरिंद्र सिंह,मंगलबीर सिंह विर्क, सुखदेव शर्मा,श्याम पाल रोहिल्ला,सुंदर सिंह गुज्जर,तेजी बस्सी,सुरेंद्र गुप्ता,गुरमुख सिंह कैरो,जयनारायण प्रजापत,बाबू राम रोड़,पूर्व चेयरमैन हरविंदर सिंह, रमेश कौशिक,विक्रम बाल्मीकि,रोशन लाल बाल्मीकि आदि उपस्थित रहे।
