श्रीमद्भागवत कथा में शामिल हुए निवर्तमान सांसद प्रदीप चौधरी
ऊंचागांव में भागवत कथा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: क्षेत्र के ऊंचागांव में कैराना-कांधला मार्ग पर स्थित मानव चेतना केंद्र आश्रम में साप्ताहिक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया, जिसमें श्री ब्रह्मस्वरूपानंद महाराज के सानिध्य में उपस्थित रहकर श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण करके धर्मलाभ उठाया। शुक्रवार को कैराना लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी और भाजपा नेता अनिल चौहान भी कथा में शामिल हुए। स्वामी श्री ब्रह्मस्वरूपानंद महाराज ने दोनों अतिथियों का पटका पहनाकर स्वागत और सम्मान किया।
इस अवसर पर प्रदीप चौधरी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल एक धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि यह समाज को धर्म, संस्कार, सद्भाव और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से नई पीढ़ी को हमारी सनातन संस्कृति और संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने आयोजन के लिए समस्त ग्रामवासियों की सराहना करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कथा के दौरान स्वामी श्री ब्रह्मस्वरूपानंद महाराज ने श्रद्धालुओं को भगवान की भक्ति के साथ सत्य, धर्म और सत्कर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। साप्ताहिक कथा में सैकड़ों महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने शामिल होकर धर्म लाभ उठाया।
3.jpg)