बेटे की मौत के गम में गांव गया परिवार, पीछे शहर के मकान में हो गई चोरी
जंक्शन में सिविल लाइंस स्थित मकान के टूटे ताले, पड़ोसी की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के खिलाफ एफआईआर
हनुमानगढ़। जंक्शन में सिविल लाइंस स्थित एक मकान में परिवार के बेटे की मौत के बाद गांव जाने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने घर के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। मकान के ताले टूटे मिले और अंदर सामान बिखरा हुआ था। पड़ोसी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। मामले में जंक्शन थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार भूपेन्द्र कुमार पुत्र हनुमान प्रसाद, निवासी मकान नंबर 269, आई ब्लॉक, सिविल लाइंस, जंक्शन ने थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनके पड़ोस में एएओ मनोज कुमार अपने परिवार के साथ रहते हैं। 23 जुलाई को मनोज कुमार के बेटे का निधन हो गया था। बेटे के निधन के बाद मनोज कुमार उसी दिन सुबह करीब 5 बजे अपने मकान पर ताला लगाकर पैतृक गांव उत्तरादाबास, तहसील भादरा चले गए थे।
इसके बाद 1 अगस्त की रात करीब 10.30 बजे आसपास के लोगों से पता चला कि मनोज कुमार के बंद मकान की लाइट जल रही है। इस पर भूपेन्द्र कुमार और अन्य लोगों ने मकान को संभाला तो वहां के हालात देखकर चोरी का पता चला। मकान के ताले टूटे हुए थे और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियां आदि खुली हुई थीं। भूपेन्द्र कुमार ने पुलिस को बताया कि प्रथम दृष्टया 23 जुलाई से 1 अगस्त के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने मकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। Hanumangarh News
घटना की सूचना मनोज कुमार तथा पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मकान का मौका मुआयना किया। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि मनोज कुमार वर्तमान में बेटे के निधन के कारण अपने पैतृक गांव गए हुए हैं। उन्होंने अपने घर में हुई चोरी के संबंध में चोरी हुए सामान की सूची और कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र ईमेल के माध्यम से जंक्शन थाना पुलिस को भेजा है।
मनोज कुमार के वापस मकान पर आने के बाद चोरी हुए सामान का पूरा विवरण उपलब्ध करवाया जाएगा। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई गायत्री चौधरी को सौंपी है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है तथा चोरी हुए सामान और आरोपी के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News