बटाला ग्रेनेड हमले के मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार

पुर्तगाल स्थित बीकेआई मास्टरमाइंड से जुड़े आईएसआई समर्थित मॉड्यूल का सदस्य

Published On

जालंधर (सच कहूँ न्यूज)। Jalandhar News: बटाला ग्रेनेड हमला मामले में पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर ने बटाला पुलिस के साथ संयुक्त खुफिया अभियान चलाकर हमले में शामिल तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को बताया कि आरोपी कथित तौर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल का सदस्य है, जिसे पुर्तगाल में बैठे बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के एक मास्टरमाइंड द्वारा संचालित किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी ने मॉड्यूल के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर एक अगस्त 2026 को बटाला के अर्बन एस्टेट पुलिस पोस्ट पर हुए ग्रेनेड हमले को अंजाम दिया था। यह हमला पुर्तगाल स्थित हैंडलर के निर्देश पर किए जाने का आरोप है।

डीजीपी ने बताया कि घटना के बाद आरोपी फरार होकर छिप गया था और पंजाब में पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर इसी तरह के और हमलों की योजना बना रहा था। काउंटर इंटेलिजेंस और बटाला पुलिस की टीमें अब पूरे आतंकी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं। जांच के दौरान विदेशी हैंडलरों, स्थानीय सहयोगी नेटवर्क तथा साजिश से जुड़े सभी आगे और पीछे के संपर्कों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।डीजीपी यादव ने कहा कि राज्य में आतंकी नेटवर्क और संगठित अपराध को जड़ से खत्म करने के लिए खुफिया सूचनाओं के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि पंजाब में शांति, सुरक्षा और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Jalandhar News

About The Author

Related Posts