शिक्षा और रोजगार
टिब्बी में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का जिला स्तरीय आयोजन, छात्राओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प
'नशा मुक्त युवा' अभियान के तहत छात्राओं ने ली नशा मुक्त रहने की शपथ
टिब्बी (सच कहूँ न्यूज़)। Tibbi News: टिब्बी स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में रविवार को “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। इस अवसर पर छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन को ध्यानपूर्वक सुना और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला युवा अधिकारी प्रीति ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने छात्राओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है और नशामुक्त जीवन इसके लिए आवश्यक है।
इस दौरान योग गतिविधियां, कविता पाठ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हस्ताक्षर अभियान में भाग लिया और नशा मुक्ति की शपथ लेकर समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी विक्रम सिंह शेखावत विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भी नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया।
अंत में जिला युवा अधिकारी ने कहा कि अभियान के माध्यम से जिलेभर में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक युवा नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें। इस मौके पर नशा मुक्त अभियान के तहत छात्राएं हस्ताक्षर अभियान का भी हिस्सा बनी। प्रधानाध्यापिका पूनम पूनिया ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
