शिक्षा और रोजगार
Kanwar Yatra: पुलिस-प्रशासन की फुलप्रूफ प्लानिंग व समन्वय के चलते निर्विघ्न सम्पन्न हुई कांवड़ यात्रा
स्थानीय प्रशासन ने डीएम आलोक यादव व एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह की 'ज़ीरो एक्सीडेंट पॉलिसी' को पहनाया अमली जामा
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कांवड़ यात्रा सकुशल, निर्विघ्न एवं सफलतापूर्वक संपन्न होने पर विगत 12-13 दिनों से व्यवस्था को चाक-चौबंद करने में जुटे पुलिस-प्रशासन ने राहत भरी सांस ली है। पुलिस-प्रशासन के फुलप्रूफ प्लान, टीम वर्क, सतर्कता एवं सजगता के चलते ही कांवड़ यात्रा निर्विघ्न सम्पन्न हो पाई है। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने में एसडीएम शिवाजी यादव, तहसीलदार अर्जुन चौहान व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने उल्लेखनीय भूमिका अदा की है।
विगत 30 जुलाई को श्रावण मास के शुरू होते ही क्षेत्र से कांवड़ियों के गुजरने का सिलसिला आरंभ हो गया था। डीएम आलोक यादव एवं एसपी नरेन्द्र प्रताप सिंह के द्वारा कांवड़ यात्रा को सकुशल, निर्विघ्न एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने हेतु फुलप्रूफ प्लानिंग की गई थी, जिसे स्थानीय पुलिस-प्रशासन के द्वारा धरातल पर उतारकर अमली जामा पहनाया गया। विगत वर्ष की अपेक्षा इस बार क्षेत्र से गुजरने वाले कांवड़ियों की संख्या काफी ज्यादा रही, जिनमें हरियाणा व राजस्थान राज्यों के शिवभक्त शामिल थे। कैराना से गुजरने वाले पैदल कांवड़ियों की संख्या में भी इस बार अकल्पनीय वृद्धि हुई। ऐसे में लाखों शिवभक्तों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने का जिम्मा एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार को सौंपा था।
कोतवाल ने भी अपनी कार्यकुशलता के चलते एसपी की अपेक्षाओं पर खरे उतरकर स्वयं की योग्यता को साबित कर दिया है। वहीं, एसडीएम शिवाजी यादव व तहसीलदार अर्जुन चौहान ने भी अधीनस्थ अधिकारियों के साथ समन्वय तथा संवाद स्थापित करके कांवड़ यात्रा को निर्विघ्न सम्पन्न कराने में अहम भूमिका अदा की। पुलिस-प्रशासन की कुशल योजना के चलते वर्ष-2026 की कांवड़ यात्रा कैराना क्षेत्र में सफलतापूर्वक संपन्न हुई है। क्षेत्र के बाशिंदे भी पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली की मुक्त कंठ से प्रशंसा कर रहे है।
