वैशाली के अपार्टमेंट में भीषण आग, सिलेंडर फटने से मची अफरातफरी
गाजियाबाद के वैशाली अपार्टमेंट में भीषण आग, सिलेंडर विस्फोट से मची अफरातफरी
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: गाजियाबाद के वैशाली क्षेत्र स्थित ग्रीन स्ट्रीट अपार्टमेंट, प्लॉट नंबर-849, सैक्टर-5 वैशाली में शुक्रवार तड़के एक फ्लैट में भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग लगने के कुछ देर बाद गैस सिलेंडर फटने की तेज आवाज सुनाई दी, जिससे पूरे अपार्टमेंट में दहशत फैल गई और आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोग घरों से बाहर निकल आए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने कि घटना सुबह करीब 3:45 बजे की है। आग की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन वैशाली से दमकल की तीन गाड़ियां तत्काल मौके पर भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही फ्लैट में फंसी आग को फैलने से रोकने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सिलेंडर फटने के कारण आग ने कुछ ही देर में फ्लैट के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया था।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे अन्य फ्लैटों तक फैलने से रोक दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण रसोई गैस से जुड़ी तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, फायर विभाग ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फ्लैट में रखा घरेलू सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।फायर अधिकारियों ने बताया कि समय रहते दमकल दल के पहुंच जाने से स्थिति नियंत्रित कर ली गई। साथ ही अपार्टमेंट निवासियों से गैस उपकरणों और विद्युत तारों की नियमित जांच कराने तथा आपात स्थिति में तुरंत फायर कंट्रोल रूम को सूचना देने की अपील की गई है।
