Independence Day 2026: स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में, डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा

15 अगस्त को मुख्यमंत्री धामी करेंगे ध्वजारोहण

Published On

Independence Day 2026: देहरादून (हि.स.)। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य मंच से राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। समारोह को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल ने परेड ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। Dehradun News

जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों और अन्य गणमान्य लोगों के बैठने की व्यवस्था की जानकारी ली। इसके साथ ही वाहन पार्किंग, सुरक्षा प्रबंध, यातायात व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, स्वच्छता, पेयजल और अतिथि सत्कार से जुड़ी तैयारियों को भी परखा गया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी नोडल अधिकारी आपसी समन्वय के साथ माइक्रो प्लान के आधार पर काम करें। समारोह से संबंधित किसी भी व्यवस्था में कमी न रहे, इसके लिए लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान मुख्य मंच, सेफ हाउस, फोटो गैलरी, ध्वनि व्यवस्था और कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के लिए लगाई जाने वाली एलईडी स्क्रीन की तैयारियां भी देखी गईं।

पुलिस बैंड की धुन पर होगा ध्वज को सलाम

मुख्य समारोह के दौरान पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी और प्रांतीय रक्षक दल की टुकड़ियां मार्च-पास्ट और सलामी में शामिल होंगी। पुलिस बैंड की धुन के बीच राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी जाएगी। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित करेंगे। इसके अलावा खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों तथा सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को भी सम्मान दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने पुलिस परेड और सलामी से जुड़ी तैयारियों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी कार्यक्रम संचालित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। Dehradun News

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी मनाया जाएगा। इस अवसर पर वर्ष 1947 के विभाजन से प्रभावित लोगों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। दून लाइब्रेरी में सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के उद्देश्य से विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। वहीं नगर निगम परिसर में शाम को विशेष कवि सम्मेलन भी प्रस्तावित है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्मृति दिवस से जुड़ी सभी तैयारियां भी समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश चंद्र तिवारी, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम विनोद कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। Dehradun News

About The Author

Related Posts