शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में लहराया परचम

9 स्वर्ण, 3 रजत और 7 कांस्य पदकों के साथ सरसा रहा तीसरे स्थान पर

Published On

स्वर्ण पदक विजेताओं का राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए चयन

सरसा, (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल सरसा के ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने हरियाणा राज्यस्तरीय कैडेट एवं जूनियर ताइक्वांडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 स्वर्ण, 3 रजत और 7 कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। सरसा की टीम ने पूरे हरियाणा में तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वर्ण पदक विजेताओं का चयन अब पुणे में होने वाली 5वीं इंडिया ताइक्वांडो नेशनल चैंपियनशिप के लिए भी हुआ है। 1 से 3 अगस्त तक कुरुक्षेत्र के थानेसर स्थित मेडिटेशन हॉल में आयोजित इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में हरियाणा के विभिन्न जिलों से करीब 325 खिलाड़ियों ने भाग लिया। 

सरसा टीम की ओर से शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल के 22 खिलाड़ियों ने भाग लिया। खेल प्रशिक्षक रविंद्र इन्सां ने बताया कि कैडेट वर्ग के 49-53 किग्रा. भार वर्ग में स्मिथ कुमार ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं जूनियर वर्ग में 45 किग्रा. भार वर्ग में हर्षित इन्सां तथा 59-63 किग्रा. भार वर्ग में अकुल कुमार ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इसके अलावा स्कूल के अन्य खिलाड़ियों ने भी विभिन्न भार वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 19 पदक जीतने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। टीम ने 9 स्वर्ण, 3 रजत और 7 कांस्य पदकों के साथ प्रतियोगिता का समापन किया।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे दम

प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी 5वीं इंडिया ताइक्वांडो नेशनल चैंपियनशिप के लिए हुआ है, जिसका आयोजन पुणे में किया जाएगा। अब ये खिलाड़ी हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

स्कूल पहुंचने पर हुआ स्वागत

प्रतियोगिता से लौटने पर स्कूल परिसर में विजेता खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। स्कूल प्रशासक डॉ. हरदीप सिंह इन्सां, प्रधानाचार्य राकेश धवन इन्सां, स्कूल को-आॅर्डिनेटर गुरप्रीत सिंह तथा खेल प्रशिक्षक रविंद्र इन्सां ने खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। 

पूज्य गुरु जी की प्रेरणा को बताया सफलता का आधार

सभी विजेता खिलाड़ियों ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां को दिया। खिलाड़ियों ने कहा कि उन्हें पूज्य गुरुजी के मार्गदर्शन, प्रेरणा और आशीर्वाद से निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है और उसी प्रेरणा के बल पर वे राज्य स्तर पर यह सफलता हासिल कर पाए हैं। 

About The Author

Related Posts