सेंट आरसी स्कूल में मेहंदी एवं नारा लेखन प्रतियोगिता आयोजित

हरियाली तीज और स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सेंट आरसी स्कूल में प्रतियोगिताओं का आयोजन

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कस्बे के सेंट आरसी साइंटिफिक कान्वेंट स्कूल(10+2) में हरतालिका हरियाली तीज तथा 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर छात्र-छात्राओं के लिए विशेष प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मकता और देशभक्ति का परिचय दिया। छात्राओं के लिए मेंहदी तथा छात्रों के लिए स्लोगन राईटिंग(नारा लेखन) प्रतियोगिता का आयोजन एडमिन इंचार्ज पवन वशिष्ठ के दिशा-निर्देशन में हुआ। छात्राओं ने भारतीय संस्कृति, तीज पर्व के उल्लास एवं देशभक्ति के प्रतीकों को उल्लेखित करते हुए एक से बढ़कर एक सुन्दर व आकर्षक मेंहदी डिजाइन बनाएं।

उनकी कलात्मक प्रतिभा और हथेलियों पर रचे-बसे डिजाइनों ने सभी का मन मोह लिया। वहीं छात्रों ने वीर शहीदों को नमन, सारे जहाँ से अच्छा हिन्दुस्ताँ हमारा और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे देशभक्ति से ओत-प्रोत विषयों पर प्रेरणादायक स्लोगन लिखे। उनके लिखे नारों में देश के प्रति अपार प्रेम और सम्मान की झलक दिखाई दी। विद्यालय निदेशक यशपाल पंवार ने हरियाली तीज के महत्व को प्रकाशित करते हुए कहा हरियाली तीज भारतीय संस्कृति और सनातन परम्परा में एक अत्यन्त पावन और उमंग भरा त्यौहार है। यह पर्व श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है। प्राकृतिक सौंदर्य, अटूट प्रेम और भक्ति का यह त्यौहार विशेष रूप से महिलाओं और नवविवाहिताओं द्वारा मनाया जाता है। प्रधानाचार्य यशस्वी पंवार ने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा 'हमारी भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय पर्व हमारे जीवन में नव ऊर्जा और अनुशासन का संचार करते है। ऐसे कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अपनी सांस्कृतिक जड़ों के प्रति सम्मान और देश प्रेम की भावना को जागृत करना है।

प्रतियोगिता के सफलतापूर्वक आयोजन में मीनू चौहान, मीनाक्षी चौधरी, संध्या शर्मा, कल्पना तोमर, ऊषा अग्रवाल, ममता शर्मा, रितू चौहान, लीना, शिवानी, अजेन्द्र सिंह, अजीत सिंह, अमित तोमर, अमित कुमार, लोकेन्द्र तोमर, प्रशान्त शर्मा, अश्विनी कुमार, प्रमोद कुमार आदि का विशेष सहयोग रहा।

Kairana News

About The Author

Related Posts