प्रशासनिक न्यायाधीश ने नवनिर्मित ई-सेवा केंद्र समेत विभिन्न भवनों का किया लोकार्पण

इलाहाबाद हाईकोर्ट से कैराना स्थित न्यायालयों के निरीक्षण पर पहुंचे थे जनपद शामली के प्रशासनिक न्यायाधीश डॉ. योगेंद्र कुमार श्रीवास्तव

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: इलाहाबाद उच्च न्यायालय से पहुंचे जनपद शामली के प्रशासनिक न्यायाधीश डॉ. योगेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने कोर्ट परिसर में नवनिर्मित विभिन्न भवनों का रिबन काटकर लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न न्यायालयों का गहन निरीक्षण करके न्यायिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। शुक्रवार को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति तथा जनपद शामली के प्रशासनिक न्यायाधीश डॉ. योगेंद्र कुमार श्रीवास्तव कैराना पहुंचे। जहां पर जनपद न्यायालय प्रांगण में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके पश्चात, उन्होंने न्यायालय परिसर में नवनिर्मित ई-सेवा केंद्र, जनसुविधा व पिंक शौचालय का फीता काटकर शुभारंभ किया।

उन्होंने बार एसोसिएशन कैराना के जनरेटर रूम व पुस्तकालय भवन का भी लोकार्पण किया। प्रशासनिक न्यायाधीश ने जनपद न्यायालय परिसर में स्थित सभी न्यायालयों का गहन निरीक्षण किया। साथ ही, न्यायिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। वहीं, जनपद न्यायालय के सिस्टम अधिकारी बिपिन कुमार के द्वारा प्रशासनिक न्यायाधीश को नवनिर्मित ई-सेवा केन्द्र के माध्यम से दी जाने वाली वाद सम्बन्धी नई तकनीकी सुविधाओं से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि इस नई तकनीक से वादकारियों एवं अधिवक्ताओं को वादों की अद्यतन स्थिति, सुनवाई की तारीख, न्यायिक आदेशों अथवा निर्णय की सॉफ्ट कॉपी प्राप्त करना आसान होगा। इसके अलावा, ई-सेवा केंद्र वीडियों कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए कोर्ट की सुनवाई, ई-स्टाम्प की ऑनलाइन खरीद, जेल में बंद कैदियों से मिलने हेतु ई-मुलाकात अपॉइंटमेंट बुक करने, वर्चुअल कोर्ट में ट्रैफिक चालान के निपटारे आदि में भी सहायता मिलेगी।

उधर, अधिवक्ताओं से भेंट के दौरान प्रशासनिक न्यायाधीश ने कहा कि वह अधिवक्ताओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर काफी गम्भीर है। उन्होंने उच्च स्तर पर संवाद स्थापित करके अधिवक्ताओं की समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश इन्द्रप्रीत सिंह जोश, प्रधान न्यायाधीश बृजेश कुमार शर्मा, एडीजे नवीन कुमार सिंह, अशोक भारतेन्दु, सुरेन्द्र कुमार राय, ऋतु नागर, सीजेएम अक्षयदीप यादव, सिविल जज (सी.डि.) शामली आंचल कसाना, सिविल जज (सी.डि.) कैराना/नोडल अधिकारी(कम्प्यूटर) गंधर्व पटेल, सिविल जज (जू.डि.) शामली शिल्पा जैन, सिविल जज (जू.डि.) कैराना सुश्री जीनत परवीन, न्यायिक मजिस्ट्रेट शामली दिव्या शर्मा, डीएम आलोक यादव तथा जिला शासकीय अधिवक्ता संजय चौहान आदि मौजूद रहे।

Kairana News (4)

About The Author

Related Posts