शिक्षा और रोजगार
किरयाना व्यापारी ने खाया जहर, आर्थिक तंगी और कर्ज से था परेशान
घटना के बाद व्यापारी के परिवार में कोहराम मच गया
मीरापुर। (सच कहूं/कोमल कुमार) कस्बे में आर्थिक तंगी और भारी कर्ज से परेशान एक किरयाना व्यापारी ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद व्यापारी के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। जानकारी के अनुसार कस्बे के थाने के पास किरयाने की दुकान चलाने वाले नीरज सोमानी पुत्र गौरीशंकर लंबे समय से आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे थे। बताया जा रहा है कि वह काफी समय से भारी कर्ज के बोझ तले दबे हुए थे, जिसके चलते मानसिक रूप से परेशान रहते थे। उनके दो बेटे हैं, जिनमें एक की उम्र करीब चार वर्ष और दूसरे की उम्र करीब छह वर्ष बताई गई है। Mirapur News
बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे नीरज ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। घर में इसकी जानकारी होने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। उनकी हालत बिगड़ती देख परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद ली और उन्हें उपचार के लिए जानसठ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया।
सीएचसी में चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च उपचार के लिए जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर मुजफ्फरनगर की ओर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही नीरज ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना से कस्बे में भी शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। जीवन लीला समाप्त करने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। Mirapur News