शिक्षा और रोजगार
नशा तस्करों के अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर, 60 लाख का मकान ध्वस्त
6 कनाल पंचायती भूमि पर कब्जा कर बनाया था मकान, तीनों आरोपितों पर एनडीपीएस समेत कई मामले दर्ज
रतिया (सच कहूँ न्यूज)। Ratia News: नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फतेहाबाद पुलिस ने गांव मिराना में बड़ी कार्रवाई की। पुलिस और जिला प्रशासन की मौजूदगी में नशा तस्करी से जुड़े मलकीत, सुरजीत सिंह और मंजीत कौर द्वारा पंचायती भूमि पर कथित रूप से किए गए अवैध कब्जे पर बने मकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, करीब छह कनाल पंचायती भूमि की कीमत करोड़ों रुपये है, जबकि ध्वस्त किए गए मकान की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये है।
पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई अब केवल गिरफ्तारी और नशीले पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं है। आरोपितों के आपराधिक रिकॉर्ड, सप्लाई नेटवर्क, आय के स्रोत और चल-अचल संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। अवैध संपत्तियों की पहचान होने पर संबंधित विभागों के सहयोग से नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना सदर रतिया प्रभारी उपनिरीक्षक शीशपाल के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं नहरी विभाग के एसडीओ राजेंद्र कुडू, पंचायत सचिव पारस और गांव के सरपंच राममूर्ति सहित संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मलकीत के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत पांच मामले दर्ज हैं। सुरजीत के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित चोरी, हत्या और अन्य धाराओं में आठ मामले दर्ज हैं, जबकि मंजीत कौर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज बताए गए हैं। इनमें अधिकांश मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं।
