देर रात अनियंत्रित कार जोहड़ में गिरी, तीन युवकों की मौत

आवारा पशु को बचाने के चक्कर में जोहड़ में गिरी कार, तीन युवकों की मौत

Published On

लुधियाना/रायकोट (सच कहूँ/सुरेन्द्र कुमार शर्मा)। Ludhiana News: रायकोट के निकट गाँव बसियां के कुहणी मोड़ पर बीती देर रात नकोदर से माथा टेककर लौट रहे पाँच युवकों की कार अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे बने जोहड़ में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि कार कुछ ही पलों में पानी में समा गई। इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवकों को लोगों ने सुरक्षित बचा लिया। मृतकों में आम आदमी पार्टी से संबंधित बलकार सिंह, विशाल और संदीप सिंह शामिल बताए जा रहे हैं, जो वित्त मंत्री हरपाल चीमा के करीबी थे।

मिली जानकारी के अनुसार, पाँचों युवक नकोदर में माथा टेकने के बाद कार से अपने घरों को लौट रहे थे। बीती रात करीब 1:15 बजे जब वे रायकोट के निकट गाँव बसियां के कुहणी मोड़ के पास पहुंचे तो कार के सामने अचानक एक आवारा पशु आ गया। पशु को बचाने की कोशिश के दौरान चालक का कार पर नियंत्रण नहीं रहा और कार सड़क से नीचे उतरकर सीधे जोहड़ में जा गिरी। पानी में गिरने के बाद कार तेजी से डूबने लगी और अंदर बैठे युवकों को बाहर निकलने के लिए बहुत कम समय मिला।

हादसे के बाद कार में से युवकों की चीख-पुकार और आवाजें सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बिना देरी किए बचाव कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने पानी में उतरकर कार में फंसे युवकों को बाहर निकालने का प्रयास किया। ग्रामीणों की मदद से दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, तीन युवकों को बचाया नहीं जा सका और पानी में डूबने के कारण उनकी मौत हो गई। थाना सदर रायकोट के एसएचओ हीरा सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जाँच में सामने आया है कि कार के सामने अचानक एक आवारा पशु आ गया था। पशु को बचाने की कोशिश के दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे जोहड़ में जा गिरी। पुलिस द्वारा हादसे से संबंधित तथ्यों की जाँच की जा रही है और घटना के कारणों को पूरी तरह स्पष्ट करने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

विधायक माणूंके ने बताया कुहणी मोड़ को खतरनाक

हादसे की सूचना मिलने के बाद विधायक सरबजीत कौर माणूंके भी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने बसियां के कुहणी मोड़ को बेहद खतरनाक बताते हुए कहा कि रात के समय बाहर से आने वाले वाहन चालकों को इस मोड़ का सही अंदाजा नहीं लग पाता, जिसके कारण यहाँ हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने इस स्थान पर सुरक्षा के आवश्यक प्रबंध किए जाने की जरूरत पर जोर दिया, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

Ludhiana News

About The Author

Related Posts