मायके पक्ष के साथ गई पत्नी घर से ले गई जेवर और 50 हजार रुपए
जंक्शन थाने में चार जनों के खिलाफ मामला दर्ज
हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और उसके तीन भाइयों पर घर से सोने-चांदी के जेवर तथा 50 हजार रुपए ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं किए जाने पर परिवादी ने न्यायालय की शरण ली। इसके बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर जंक्शन थाना पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 50, सौ फुटी रोड, सुरेशिया, जंक्शन निवासी राजू पुत्र सोनाराम भाट ने न्यायालय में इस्तगासा पेश किया। इसमें बताया कि उसकी पहली पत्नी जारा निवासी खारा (बीकानेर) की वर्ष 2023 में मृत्यु हो गई थी। पहली पत्नी से उसके चार बच्चे हैं। पत्नी के निधन के बाद परिवार और समाज के लोगों की सहमति से करीब दो वर्ष पहले उसकी दूसरी शादी गुड़िया पुत्री अब्बाराम भाट निवासी 15 जीबी, जैतसर जिला श्रीगंगानगर से हुई थी।
परिवादी का आरोप है कि शादी के बाद से ही पत्नी का व्यवहार झगड़ालू रहा और वह अक्सर विवाद कर अपने पीहर चली जाती थी। समझाइश के बाद वह वापस घर आ जाती थी। इस्तगासे के अनुसार 27 जून 2026 को राजू किसी काम से सिरसा गया हुआ था। रात करीब 11 बजे घर लौटने पर बच्चों ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे उसकी पत्नी के भाई जोराराम, आत्माराम और सुलताना राम घर आए थे। आरोप है कि तीनों ने बच्चों के साथ मारपीट की और पत्नी गुड़िया के साथ मिलकर घर में रखे सोने के जेवर, जिनमें एक कंठी, एक गले का आभूषण, 500 ग्राम चांदी की पैरों की कड़ी, चांदी की चेन तथा 50 हजार रुपए नकद लेकर चले गए। Hanumangarh News
इसके बाद पत्नी भी उनके साथ चली गई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर जंक्शन थाना पुलिस ने जोराराम, आत्माराम, सुलताना राम और गुड़िया के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच हेड कांस्टेबल कैलम को सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।