नशे में धुत युवकों ने घेरा, मारपीट कर रुपए और चांदी की ताबीज छीनी

बीच-बचाव करने पहुंचे नाना व पड़ोसी के सामने भी लाठी-डंडों व ईंटों से हमला

Published On

Rajasthan Crime: हनुमानगढ़। जंक्शन की लेबर कॉलोनी, सुरेशिया निवासी 20 वर्षीय युवक के साथ मारपीट कर नकदी और चांदी की ताबीज छीनने का मामला सामने आया है। घायल युवक ने पुलिस को दिए पर्चा बयान में आरोप लगाया कि 100 फीटी रोड पर कुछ युवकों ने उसे रोक लिया और नशे की हालत में उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। युवक के सिर, गर्दन, गाल और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आई हैं। मामले में जंक्शन थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News

पुलिस के अनुसार, टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय के ट्रोमा सेंटर में भर्ती प्रवीण कुमार (20) पुत्र महेन्द्र कुमार निवासी वार्ड नंबर 51, लेबर कॉलोनी, सुरेशिया, जंक्शन ने पुलिस को बयान दिया। प्रवीण ने बताया कि 8 अगस्त की रात करीब 8 बजे वह रविंद्र की किराना दुकान से घरेलू सामान लेने जा रहा था। जब वह दुकान के पास 100 फीटी रोड पर पहुंचा तो वहां कुछ लड़कों ने उसे रोक लिया। प्रवीण के अनुसार, युवकों ने उसके साथ मारपीट की तथा उसकी जेब से 200 रुपए का नोट और गले में पहनी चांदी की ताबीज निकाल ली।

घटना की सूचना मिलने पर उसके नाना मुखराम और पड़ोसी राजन मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे छुड़ाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान गुरविंद्र और राजेश के माता-पिता त्रिलोचन व शिलकी भी वहां पहुंच गए। उन्होंने भी उसके साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की, जबकि गुरविंद्र और राजेश ने डंडों व ईंटों से उसके सिर और गर्दन पर हमला किया। इसी दौरान उसके भाई मनीष के साथ भी मारपीट की। नाना मुखराम, पड़ोसी राजन, शंकर सहित अन्य लोगों के मौके पर पहुंचने के बाद आरोपी वहां से भाग गए।

आरोपियों ने नाना के घर तक उसका पीछा भी किया। सिर और गर्दन में अधिक चोट होने के कारण नाना मुखराम व राजन आदि उसे राजकीय जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है। पर्चा बयान और चोटों के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच हेड कांस्टेबल विजय सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब घटना के कारणों, आरोपों की सत्यता, सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। Hanumangarh News

पंचायत में सुलह के बजाय बढ़ा विवाद, युवक पर लोहे के कड़े से हमला

हनुमानगढ़। जंक्शन के नई खुंजा क्षेत्र में पुराने विवाद को शांतिपूर्वक सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत में उस समय हंगामा हो गया, जब दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि पंचायत के दौरान एक युवक की मां के साथ गाली-गलौज की गई और बीच-बचाव करने पहुंचे युवक के साथ मारपीट करते हुए लोहे का भारी कड़ा सिर पर मारने का प्रयास किया गया। युवक के पीछे हटने पर कड़ा उसकी आंख पर लग गया, जिससे उसे चोट आई। मामले में जंक्शन थाना पुलिस ने सात नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, जसनदीप सिंह (20) पुत्र रणजीत सिंह निवासी गांव रतिया जिला फतेहाबाद हाल नई खुंजा, वार्ड नंबर 4, जंक्शन ने थाने में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि करीब चार-पांच दिन पहले उसका और उसके मामा के बेटे अर्शदीप का रास्ता रोककर तरुणप्रीत सिंह व गुरप्रीत सिंह ने गाली-गलौज और मारपीट की थी। इसी विवाद को शांतिपूर्वक सुलझाने के लिए 9 अगस्त को दोपहर करीब 2.30 बजे पूर्व वार्ड पार्षद प्रतिनिधि के नई खुंजा स्थित निवास पर पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में दोनों पक्षों के लोग मौजूद थे। बातचीत शुरू होते ही दूसरे पक्ष के लोग उग्र हो गए और चिल्लाने लगे। इसी दौरान लखविन्द्र कौर और गुरप्रीत सिंह ने जसनदीप की मां गुरजीत कौर के साथ कथित रूप से अश्लील व अपमानजनक गाली-गलौज शुरू कर दी।

मां को गालियां देने का विरोध करने पर बाल पकड़कर बाहर खींचने का आरोप

जसनदीप ने पुलिस को बताया कि विवाद बढ़ने पर सुखचैन सिंह ने उसकी मां गुरजीत कौर के साथ थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। वह अपनी मां को छुड़ाने के लिए आगे आया तो आरोप है कि गुरप्रीत सिंह ने उसके बाल पकड़कर खींचे और उसे घर से बाहर ले गया। इसी दौरान तरुणप्रीत सिंह और गुरप्रीत सिंह की ओर से उसे पकड़ने का आरोप लगाया गया है। रिपोर्ट में जसनदीप ने आरोप लगाया कि इसी दौरान सन्दीप सिंह ने हाथ में पहना भारी लोहे का कड़ा उसके सिर पर मारने का प्रयास किया। जसनदीप के पीछे हटने पर कड़ा उसकी आंख पर लग गया, जिससे आंख के आसपास गंभीर चोट आने का आरोप है। इसी घटना के दौरान अर्शदीप सिंह के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।

हरदयाल सिंह ने अर्शदीप को थप्पड़ मारे, उसके बाल खींचे और पीठ पर मुक्के मारे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पूर्व वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सहित पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। जसनदीप ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपियों की ओर से उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई, जिसके चलते परिवार में भय का माहौल है। पुलिस ने घायल जसनदीप की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल नवदीप सिंह को सौंपी गई है। पुलिस पंचायत में हुए घटनाक्रम, मारपीट के आरोपों और लगाए गए धमकी संबंधी आरोपों की जांच कर रही है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts