कैंपस प्लेसमेंट में दस विद्यार्थियों का चयन
सोनालिका ट्रैक्टर्स ने डिप्लोमा विद्यार्थियों को दिया रोजगार का अवसर
हनुमानगढ़। श्री खुशालदास विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी संकाय की ओर से शनिवार को इंटरनेशनल ट्रैक्टर्स लिमिटेड (सोनालिका ट्रैक्टर्स) के सहयोग से कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। हाइब्रिड प्रारूप में आयोजित इस ड्राइव में विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की प्रत्यक्ष भागीदारी के साथ कंपनी की टीम ने गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअल रूप से हिस्सा लिया। प्लेसमेंट प्रक्रिया के बाद डीलर सेल्स पर्सन पद के लिए 10 विद्यार्थियों का अंतिम चयन किया गया। Hanumangarh News
प्लेसमेंट ड्राइव में इंजीनियरिंग डिप्लोमा के करीब 40 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कर हिस्सा लिया। सोनालिका ट्रैक्टर्स की भर्ती टीम में निरपेंद्र सिंह (सेल्स टीम, नोएडा), शिवराम माकिजा (हेड, श्रीगंगानगर) और कुलविंद्र सिंह (हेड, हनुमानगढ़) शामिल रहे। कंपनी प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को सोनालिका ट्रैक्टर्स की कार्यप्रणाली, डीलर सेल्स पर्सन की जिम्मेदारियों और कंपनी में उपलब्ध करियर ग्रोथ के अवसरों के बारे में जानकारी दी।
विद्यार्थियों को बताया गया कि वे डीलर सेल्स पर्सन से आगे क्लस्टर हेड, डीलर सेल्स मैनेजर, आईटीएल सेल्स ऑफिसर और आईटीएल डेमोंस्ट्रेटर जैसे पदों तक करियर में आगे बढ़ सकते हैं। प्री-प्लेसमेंट टॉक के बाद अभ्यर्थियों के तकनीकी एवं एचआर साक्षात्कार लिए गए। साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद कंपनी ने डीलर सेल्स पर्सन पद के लिए कुल 10 विद्यार्थियों का अंतिम रूप से चयन किया। इस मौके पर श्री गुरु गोविंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि ट्रस्ट का निरंतर प्रयास रहा है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रोजगार के ठोस अवसर भी उपलब्ध हों। Hanumangarh News
उन्होंने सोनालिका ट्रैक्टर्स जैसी अग्रणी राष्ट्रीय कंपनी के सहयोग से आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव को डिप्लोमा विद्यार्थियों के करियर के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया और चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। प्रबंधन निदेशक दिनेश जुनेजा ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के समग्र विकास के साथ उद्योग जगत से उनके सीधे जुड़ाव को प्राथमिकता देता है। सोनालिका ट्रैक्टर्स के साथ साझेदारी से डिप्लोमा विद्यार्थियों को उद्योग में सीधे प्रवेश का अवसर मिला है।
उन्होंने चयनित सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई। प्लेसमेंट ड्राइव का नेतृत्व रजिस्ट्रार डॉ. मयंक माथुर एवं कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष डॉ. कुलवंत सिंह ने किया। आयोजन एवं संचालन में विक्रम मंगवाना, सुमित कुमार, मनोज जोशी, नितिन मीणा, मनमीत कौर, राजविंद्र सिंह, सूरज सिंह और प्रदीप स्वामी ने सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल की ओर से किया गया। Hanumangarh News