परिवार से मिला छह माह से लापता मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक
परिजनों ने जताया आभार
गोगामेड़ी, (सच कहूँ/राजेश बेनीवाल)। मानव सेवा को समर्पित गोगावीर जन सेवा फाउंडेशन, मुन्सरी-गोगामेड़ी द्वारा संचालित अपना घर आश्रम ने एक बार फिर इन्सानियत की मिसाल पेश की है। आश्रम टीम के अथक प्रयासों से मानसिक रूप से अस्वस्थ और करीब छह माह से लापता युवक को उसके परिवार से मिलवा दिया गया। इसके बाद परिवार युवक को मध्यप्रदेश के रीवा जिले स्थित अपने गांव लेकर रवाना हो गया। Gogamedi News
जानकारी के अनुसार 1 अगस्त को मानसिक रूप से अस्वस्थ एक युवक भटकते हुए मध्यप्रदेश के रीवा से गढ़ी छानी क्षेत्र में पहुंच गया था। युवक की स्थिति को देखते हुए भिरानी पुलिस ने उसका रेस्क्यू कर उसे गोगामेड़ी स्थित अपना घर आश्रम पहुंचाया। आश्रम टीम ने युवक की पहचान और उसके परिवार का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास किए। टीम के प्रयासों के बाद युवक के परिवार का पता लगाने में सफलता मिली।
9 अगस्त को युवक के भाई संदीप और सुरेश गोगामेड़ी आश्रम पहुंचे। उन्होंने बताया कि युवक पिछले करीब छह माह से लापता था और परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था। युवक के लापता होने से परिवार के सभी सदस्य परेशान थे और उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल था। आश्रम से युवक के मिलने की सूचना परिवार को मिली तो परिजनों ने राहत की सांस ली। इसके बाद आश्रम संचालक सतपाल बरोड़ की मौजूदगी में आवश्यक दस्तावेजी एवं लिखित कार्रवाई पूरी की गई। परिजन युवक को लेकर बड़वार, जिला रीवा (मध्यप्रदेश) के लिए रवाना हुए। युवक के परिवार ने गोगामेड़ी आश्रम की टीम का आभार जताया। Gogamedi News