IMD Weather Alert: हरियाणा-राजस्थान समेत कई राज्यों में होगी भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

फसलें डूबीं, किसान चिंतित; 10-12 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट

Published On

हिसार/नई दिल्ली (सच कहूँ/संदीप सिंहमार)। हरियाणा और राजस्थान सहित देश के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है। हालांकि रविवार को हरियाणा में शनिवार की तुलना में कम बारिश दर्ज की गई। लेकिन एक दिन पहले बारिश ने ही हांसी से लेकर रोहतक और झज्जर तक खेती को भारी नुकसान पहुँचाया। बरसाती पानी से फसलें डूब गई। अब किसानों को चिंता सताने लगी है। राजस्थान की राजधानी जयपुर में रविवार सुबह तक लगातार भारी बारिश हुई। वहीं चूरू में भी बारिश के जलभराव से कॉलोनियां डूब गईं। IMD Weather Alert

इसी प्रकार मध्य प्रदेश के डिंडौरी में शनिवार रात 9 बजे से रविवार सुबह 6 बजे तक भारी बारिश से जनजीवन पर प्रभाव पड़ा। रविवार सुबह जयपुर, सीकर, श्रीगंगानगर और कोटपूतली-बहरोड़ सहित कई जिलों में जमकर पानी गिरा। श्रीगंगानगर में हनुमानगढ़ स्टेट हाईवे पर भी पानी भरने से ट्रैफिक के पहिए थमे रहे। 

कोटपूतली-बहरोड़ जिले में लगातार तीसरे दिन बरसात होती रही। सीकर के श्रीमाधोपुर कस्बे में तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया। जैसलमेर जिले के भोपा गांव में लगातार बारिश के बाद नदी बहने लगी। डीडवाना-कुचामन जिले के मकराना इलाके के बोरावड़ कस्बे में बारिश के बाद रास्ते में भरे पानी में करंट आने से युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त झुलस गया। इसी प्रकार नागालैंड में भी करंट लगने से घर में एक युवक की जान चली गई। मध्यप्रदेश में बरसाती पानी नर्मदा नदी पर बने पुल के ऊपर से बह रहा है। देश की राजधानी दिल्ली में पिछले एक सप्ताह के दौरान महीने भर से ज्यादा बारिश हो गई। IMD Weather Alert

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार 10 अगस्त के बाद मानसून ट्रफ दक्षिण की ओर थोड़ा नीचे जाने की संभावना है, जिससे सक्रियता में कमी आने की संभावना है। 11 और 12 अगस्त को हवाओं व गरज चमक के साथ ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर तेज बारिश की भी संभावना बन रही है। परंतु 11 व 12 अगस्त को राज्य में आंशिक बादल व कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान बीच बीच में बादलवाई रहने से दिन के तापमान में हल्की गिरावट परंतु रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

राजस्थान में 14 अगस्त से कमजोर होगी बारिश

राजस्थान के मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक साइक्लोनिक सकुर्लेशन उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बना हुआ है। इसी के प्रभाव से 10 से 12 अगस्त को दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में भारी बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में 14 और पूर्वी राजस्थान में 15 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं। IMD Weather Alert

About The Author

Related Posts