Fraud: गड़े धन का झांसा देकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
तेलंगाना में शमशाबाद क्षेत्र की पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया
हैदराबाद, (वार्ता)। छिपा हुआ खजाना मिलने और जमीन में गड़े धन का झांसा देकर धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तेलंगाना में शमशाबाद क्षेत्र की पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से नकली सोने के सिक्के व अन्य सामान जब्त किए हैं। Hyderabad News
राजेंद्र नगर और शमशाबाद क्षेत्र के कार्यबल के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) केएस राव ने एक बयान में बताया कि चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और धोखाधड़ी में इस्तेमाल होने वाली गाड़ियां, नकली सोने के सिक्के और अन्य सामान जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद मुनव्वर उर्फ मुन्ना (36), सैयद अली अशरफ (40), मोहम्मद हाजी (25), और मोहम्मद सलमान (29) के रूप में हुई है।
आरोपियों के पास से दो कारें, एक ऑटो -रिक्शा, दो मोटरसाइकिलें, चार मोबाइल फोन, सोने की परत चढ़े 25 नकली सिक्के, छह किलोग्राम कोयला, चार किलोग्राम मिट्टी और पूजा का सामान जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी मोहम्मद मुनव्वर कार डेटिंग और पेंटिंग का काम करता है और उसने लोगों को ठगने की योजना बनाई। उसने दावा किया कि उसके पास जमीन के नीचे छिपे खजाने का पता लगाने का विशेष ज्ञान है। उसने धोखाधड़ी को अंजाम देने के लिए अपने साथियों सैयद अली अशरफ, मोहम्मद हाजी और मोहम्मद सलमान को भी इसमें शामिल किया।
आरोपी भोले-भाले लोगों को निशाना बनाते थे और उन्हें यकीन दिलाते थे कि उनके घरों के नीचे कीमती खजाना छिपा हुआ है। वे उनका भरोसा जीतने के बाद, उन जगहों पर खुदाई करते थे और कोयले से भरे बोरे और सोने की परत चढ़े नकली सिक्के वहां रख देते थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी बाद में पीड़ितों से कहते थे कि कोयला धीरे-धीरे सोने में बदल जाएगा और फिर वे मौके से गायब हो जाते थे, इस तरह वे लोगों से पैसे ठग लेते थे। Hyderabad News