Weather News: हिमाचल, उत्तरखंड, जम्मू और लद्दाख में भारी बारिश का अलर्ट जारी!

उत्तराखंड में भी बिगड़े हालात, भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा

Published On

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में सोमवार रात से कई इलाकों में लगातार तेज बारिश हो रही है। कांगड़ा जिले में देर रात हुई मूसलाधार वर्षा के बाद कई नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों के कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। Weather News

इसके साथ ही ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, शिमला और सोलन के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार कांगड़ा और सिरमौर में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मंडी में भी वर्षा की तीव्रता अधिक रहने का अनुमान है, जबकि बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, शिमला और सोलन में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

भूस्खलन और अचानक बाढ़ का बढ़ा खतरा

लगातार वर्षा के कारण हिमाचल के पर्वतीय और संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन तथा पहाड़ी मलबा गिरने की आशंका बढ़ गई है। निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है। नदी और नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने से कुछ स्थानों पर आकस्मिक बाढ़ का खतरा भी बना हुआ है। बारिश के कारण पहाड़ी मार्गों पर फिसलन बढ़ने के साथ दृश्यता कम हो सकती है। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील मार्गों पर निगरानी बढ़ाने और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। Weather News

नदी-नालों से दूरी बनाए रखने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को भूस्खलन और आकस्मिक बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है। नदी, नाले और अन्य जलस्रोतों के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से भी परहेज करने को कहा गया है। लोगों को स्थानीय प्रशासन और यातायात विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा यात्रा से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

16 अगस्त तक बारिश से राहत के आसार कम

पूर्वानुमान के अनुसार 12 और 13 अगस्त को हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा जारी रह सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की भी संभावना है। इसके बाद 14, 15 और 16 अगस्त को भी प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में भारी वर्षा का दौर जारी रहने का अनुमान है। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

उत्तराखंड में भी बारिश से जनजीवन प्रभावित

हिमाचल के साथ उत्तराखंड में भी पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक वर्षा का सिलसिला जारी है। देहरादून और हरिद्वार में भारी बारिश के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। देहरादून में नदी के समीप स्थित दो भवन भी ढह गए। पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी प्रदेश के कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को तेज बारिश के बाद तमक नाले में अचानक पानी बढ़ने से एक मॉड्यूलर पुल भी बह गया। इससे क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हुआ है।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी भारी बारिश का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी 13 अगस्त के दौरान भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम की स्थिति और प्रशासन की सलाह को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा की योजना बनाने को कहा है। लगातार वर्षा को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचना, नदी-नालों से दूरी बनाए रखना और मौसम की ताजा जानकारी लेते रहना बेहद जरूरी है। Weather News

About The Author

Related Posts